हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। वह 89 वर्ष के थे। उन्होंने अपने गुरुग्राम स्थित आवास में अंतिम सांस ली है। उनका अंतिम संस्कार तेजा खेड़ा फार्म हाउस पर होगा। सुबह-सुबह नाश्ते के बाद उन्हें कुछ तकलीफ महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में डॉक्टरों को दिखाया गया। लंबी बीमारी के चलते उनका निधन हुआ है।
ओम प्रकाश चौटाला इंडियन नेशनल लोक दल के प्रमुख थे। गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में उन्हें भर्ती कराया गया था। अस्पताल में एडमिट होने के महज आधे घंटे बाद उनका निधन हो गया। ओम प्रकाश चौटाला हरियाणा के 5 बार के मुख्यमंत्री रहे हैं। ओम प्रकाश चौटाला के शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके पैतृक गांव चौटाला भी लाया जाएगा। गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कैसी थी शुरुआती जिंदगी?
ओम प्रकाश चौटाला का सियासी सफर बेहद दिलचस्प रहा है। वह 5 बार मुख्यमंत्री रहे लेकिन अपना कार्यकाल कभी पूरा नहीं कर पाए। 1 जनवरी 1935 को उनका जन्म हरियाणा के चौटाला गांव में हुआ था। पढ़ाई-लिखाई में उनकी शुरुआती दिनों में रुचि नहीं रही। वह देश के उप प्रधानमंत्री रहे चौधरी देवीलाल के बेटे थे। उनके कुल 4 और भाई बहन थे।
ओम प्रकाश चौटाला कई बार जेल भी गए। साल 2013 में जब शिक्षक भर्ती घोटाले में वह जेल में थे, तब उन्होंने 10वीं पास की थी। जेल से ही उन्होंने 12वीं भी पास की थी।
सियासत में कैसे उतरे ओम प्रकाश चौटाला?
साल 1968 में वह राजनीति में उतरे। उन्होंने अपने पिता देवीलाल की सीट ऐलनाबाद से ही पहला चुनाव लड़ा। उनके खिलाफ लाल चंद खोड़ चुनाव लड़े थे। अपना पहला ही चुनाव वह हार गए थे। हार के बाद चौटाला ने धांधली का आरोप लगाया और हाई कोर्ट पहुंच गए। उनके आरोप सही पाए गए। लाल चंद ने एक साल बाद सदस्यता गंवा दी थी।
कब-कब मुख्यमंत्री रहे ओम प्रकाश चौटाला?
ओम प्रकाश चौटाला वह पहली बार साल 1989 में मुख्यमंत्री बने। 2 दिसंबर 1989 से लेकर 22 मई 1990 तक वह पहली बार मुख्यमंत्री रहे। दूसरी बार 12 जुलाई 1990 से लेकर 17 जुलाई 1990 तक मुख्यमंत्री रहे। महज 5 दिनों में सरकार गिर गई थी। तीसरी बार 22 मार्च 1991 से लेकर 6 अप्रैल 1991 तक सीएम रहे। चौथी बार 24 जुलाई 1999 से लेकर 5 मार्च 2005 तक मुख्यमंत्री रहे।
'115 साल जिंदा रहूंगा', जब ओपी चौटाला ने थी हुंकार
ओम प्रकाश चौटाला देश के सक्रिय राजनेताओं में से गिने जाते थे। वह अपने जीवन के अंतिम दिनों तक भी राजनीतिक तौर पर सक्रिय रहे। अगस्त में हरियाणा विधानसभा चुनावों से ठीक पहले ओम प्रकाश चौटाला ने अपने उम्र के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था, 'मेरी उम्र 93 साल है और मैं अगले 115 साल तक जिंदा रहूंगा।'
हरियाणा चुनाव से थी बहुत उम्मीद
ओम प्रकाश चौटाला ने अगस्त 2023 में कहा था कि वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं। वह उभरी उम्र संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। ओम प्रकाश चौटाला ने हरियाणा विधानसभा चुनावों पर कहा था इंडियन नेशनल लोक दल और बसपा गठबंधन की सरकार बनेगी। दोनों दल मिलकर चुनाव लड़े थे। उन्हें महज 2 सीटों पर सफलता मिली थी। दबवाली विधानसभा सीट से आदित्य देवीलाल और रनिया विधानसभा से अर्जुन चौटाला अपनी सीट बचा ले गए थे।