कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तराखंड के एक जिम मालिक दीपक कुमार का समर्थन किया है। दीपक ने एक मुस्लिम दुकानदार को परेशान करने वाली भीड़ के खिलाफ खड़े होकर बहादुरी दिखाई थी। राहुल गांधी ने उन्हें 'हीरो' कहा है और लिखा है कि दीपक प्यार और संविधान के प्रतीक हैं।
यह घटना 26 जनवरी को उत्तराखंड के कोटद्वार में हुई। 70 साल के मुस्लिम दुकानदार वकील अहमद की दुकान का नाम 'बाबा स्कूल ड्रेस' है। एक भीड़ वहां पर आई और उसमें शामिल लोग कहने लगे कि 'बाबा' शब्द सिर्फ हिंदू संतों के लिए है, इसलिए इसे हटाओ। वे दुकानदार को डराने-धमकाने लगे।
यह भी पढ़ेंः मां-बाप, भाई ने पकड़ा हाथ-पैर और बीवी ने दबा दिया गला, दो महीने पहले हुई थी शादी
दीपक कुमार ने रोका
तभी पास में मौजूद 46 साल के दीपक कुमार ने बीच में आकर उनका साथ दिया। उन्होंने भीड़ से पूछा कि दूसरे लोग 'बाबा' इस्तेमाल कर सकते हैं तो यह क्यों नहीं? जब भीड़ ने उनका नाम पूछा, तो दीपक ने जवाब दिया, 'मेरा नाम मोहम्मद दीपक है।' यह बात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई।
दीपक ने बाद में एक वीडियो में साफ कहा, 'मैं न हिंदू हूं, न मुस्लिम, न सिख, न ईसाई। सबसे पहले मैं इंसान हूं।' उन्होंने कहा कि नफरत फैलाना आसान है, लेकिन प्यार बांटना बहुत बड़ी बात है।
मिलीं धमकियां
इसके बाद दीपक को धमकियां मिलने लगीं। उनके घर के बाहर भीड़ जमा हुई और पुलिस को बीच में आना पड़ा। राहुल गांधी ने एक्स (ट्विटर) पर लिखा: 'उत्तराखंड का दीपक भारत का हीरो है। दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहा है। उस संविधान के लिए जिसे बीजेपी और संघ परिवार रोज कुचलने की साजिश रचता है।'
उन्होंने दीपक को 'प्यार का प्रतीक' बताया और कहा कि संघ परिवार देश की अर्थव्यवस्था और समाज में जहर घोल रहा है ताकि लोग बंटे रहें।
यह भी पढ़ें: ईरान के बंदर अब्बास में बड़ा धमाका, 8 मंजिला इमारत को बनाया निशाना
सरकार पर लगाया आरोप
राहुल ने उत्तराखंड की बीजेपी सरकार पर भी आरोप लगाया कि वह असामाजिक ताकतों का साथ दे रही है। उन्होंने कहा कि नफरत, डर और अराजकता में कोई देश आगे नहीं बढ़ सकता। ऐसे और लोगों की जरूरत है जो डर से न झुकें और संविधान के साथ मजबूती से खड़े रहें। राहुल ने दीपक से कहा कि डरो मत, हम आपके साथ हैं।
यह घटना सामाजिक सद्भाव और बहादुरी की मिसाल बन गई है। लोग दीपक की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि ऐसे लोग ही असली भारत हैं।