• NEW DELHI 28 Jul 2025, (अपडेटेड 28 Jul 2025, 6:54 AM IST)
दिल्ली-NCR में कई दिनों की तेज धूप के बाद एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। देश के कई राज्य बाढ़ से जूझ रहे हैं, एक बार फिर कुछ राज्यों में बारिश दस्तक दे सकती है। पढ़ें देश के मौसम का हाल।
देश के कई राज्यों में होगी तेज बारिश। (Photo Credit: PTI)
दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ रही है। कुछ दिनों की बारिश के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। रविवार को दिल्ली का तापमान 37.5 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम विभाग के मुताबिक यह सामान्य दिनों के तापमान से 2.6 डिग्री ज्यादा था। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा है। सोमवार को दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं, गरज-तड़क के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच में रह सकता है। न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में हल्की बारिश हो सकती है। कुछ ऐसा ही मौसम पूरे सप्ताह बना रह सकता है। 2 अगस्त 2025 के बाद मौसम में बदलाव हो सकता है लेकिन हीटवेव का खतरा नहीं रहेगा।
किन राज्यों में झमाझम बारिश के हैं आसार?
पूर्वी राजस्थान
अरुणाचल प्रदेश
असम
मेघालय
कर्नाटक
गुजरात
महाराष्ट्र
मध्य प्रदेश
नागालैंड
मणिपुर
मिजोरम
त्रिपुरा
उत्तराखंड
पश्चिमी उत्तर प्रदेश
और कहां हो सकती है बारिश?
बिहार के कुछ हिस्सों में, छत्तीसगढ़ में, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और केरल जैसे राज्यों में कहीं-कहीं भीषण बारिश हो सकती है। माहे, कोंकण, गोवा, सौराष्ट्र, कच्छ और पश्चिम बंगाल के तटीय हिस्सों में बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश के आसार हैं। सिक्किम में भी भीषण बारिश दस्तक दे सकती है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूहों में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे, गरज-तड़क के साथ तेज बारिश हो सकती है। बिहार, पश्चिम बंगाल के गंगीय तटों पर बारिश हो सकती है। मुजफ्फराबाद, झारखंड, ओडिशा और तेलंगाना में भी बारिश के आसार हैं।
अरुणाचल पर्देश, असम और मेघालय में बारिश तेज हो सकती है। छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्सों में बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड में सोमवार को बारिश हो सकती है।