यूट्यूबर रणवीर अलाहबादिया ने अपने खिलाफ दर्ज कई राज्यों में FIR से परेशान होकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। वह चाहते हैं कि उनके खिलाफ दर्ज सभी मामलों की एक साथ ही सुनवाई की जाए। कॉमेडियन समय रैना के यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लैटेंट' में उन्होंने कई ऐसे बयान दिए थे, जिसे लेकर हंगामा बरपा है।
सुप्रीम कोर्ट में जल्द ही इस केस को लिस्ट किया जा सकता है, जिसके बाद सुनवाई शुरू की जा सकती है। जब किसी एक मामले में कई जगह केस दर्ज हो, तब अदालत में उनकी एक साथ सुनवाई की अर्जी दी जा सकती है। रणवीर अलाहबादिया इसी राहत की उम्मीद में सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। सुप्रीम कोर्ट संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत ऐसे मामलों की एकसाथ सुनवाई कर सकता है।
क्या है क्लबिंग ऑफ FIR?
'क्लबिंग ऑफ FIR' को आसान भाषा में ऐसे समझ सकते हैं कि किसी शख्स ने किसी बड़े राजनेता को अपशब्द कहे। उसके खिलाफ एक केस यूपी में हुआ, दूसरा पंजाब में, तीसरा झारखंड और चौथा महाराष्ट्र में। ऐसी स्थिति में वह शख्स सुप्रीम कोर्ट जाकर यह अर्जी दे सकता है कि जहां पहला केस दर्ज हुआ है, वहीं दूसरी जगहों पर दर्ज FIR को जोड़ दिया जाए। ऐसा इसलिए क्योंकि चार अलग-अलग FIR का 'कॉज ऑफ एक्शन' या मकसद एक है।
समय रैना, अपूर्वा के भी खिलाफ हुई है FIR
महाराष्ट्र साइबर डिपार्टमेंट ने भी रणवीर अलाहबादिया के खिलाफ केस दायर किया था। उनके साथ समय रैना, अपूर्वा मखीजा और शो में मौजूद कई अन्य लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है। लोगों ने सोशल मीडिया पर इस शो के खिलाफ आवाज उठाई है। लोग नैतिकता का जिक्र करते शो पर बैन लगाने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: FIR, समन और एपिसोड ब्लॉक... रणवीर अल्लाहबादिया मामले पर क्या-क्या हुआ?
मुंबई साइबर डिपार्टमेंट ने की है FIR
महाराष्ट्र पुलिस के साइबर क्राइम विभाग ने IT एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। विभाग का कहना है कि सारे 18 एपिसोड हटा लिए जाएं। इस मांग से पहले ही समय रैना ने इंडियाज गॉट लैटेंट के सारे शोज डिलीट कर दिए हैं। साइबर क्राइम विभाग का कहना है कि शो में मौजूद गेस्ट और पार्टिसिपेंट्स ने अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया है, आपत्तिजनक भाषा बोली है।
असम में भी हुई है FIR
असम पुलिस ने रणवीर अलाहबादिया, आशीष चंचलानी और समय रैना को समन भेजा है। गुवाहाटी पुलिस ने 1 फरवरी को शो में मौजूद 5 गेस्ट के खिलाफ FIR दर्ज की थी। सब पर अश्लीलता को बढ़ावा देने के आरोप हैं। असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा और महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी इस शो की आलोचना की थी।
यह भी पढ़ें: इंडियाज गॉट लेटेंट के सारे वीडियो डिलीट, समय रैना ने क्या कहा?
क्यों हो रही है सियासत?
राजनीतिक दलों की भी रणवीर अलाहबादिया के बयान को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने रणवीर अलाहबादिया को बीते साल मिले नेशनल क्रिएटर्स अवार्ड का जिक्र करते हुए पीएम मोदी को घेरा था। उन्हें 'डिसरप्टर ऑफ द ईयर' का पुरस्कार मिला था। शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने संसद में इस पर बहस करने की बात उठाई थी।
रणवीर अलाहबादिया कौन हैं?
रणवीर अलाहबादिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर हैं। वह पॉडकास्ट करते हैं। सोशल मीडिया पर'बीयर बाइसेप्स' के नाम से भी फेमस हैं। उनके पॉडकास्ट में देश के कई राजनेता, दिग्गज हस्तियां और केंद्रीय मंत्री शामिल हो चुके हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, विकास दिव्यकीर्ति, अक्षय कुमार और कई आध्यात्मिक नेता भी उनके पॉडकास्ट में नजर आ चुके हैं।