logo

मूड

ट्रेंडिंग:

AAP नेता सत्येंद्र जैन ने बांसुरी स्वराज के खिलाफ केस क्यों कर दिया?

AAP के एक और नेता ने बांसुरी स्वराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। अब सत्येंद्र जैन ने बांसुरी के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराया है।

Satyendra jain

सत्येंद्र जैन, Photo: AAP

आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने सांसद बांसुरी स्वराज के खिलाफ अदालत का रुख किया है। सत्येंद्र जैन ने नई दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। सत्येंद्र जैन ने आरोप लगाए हैं कि बांसुरी स्वराज ने 5 अक्तूबर 2023 को उनके खिलाफ अपमानजनक बयान दिया। इस मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में आज यानी मंगलवार को ही सुनवाई भी होगी।

 

सत्येंद्र जैन का कहना है कि बांसुरी स्वराज ने एक इंटरव्यू के दौरान जो बातें कहीं उससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है। सत्येंद्र जैन ने कहा, 'बांसुरी स्वराज ने गलत दावा किया कि मेरे घर से 3 करोड़ रुपये, 1.8 किलोग्राम सोना और सोने के 133 सिक्के बरामद हुए।' जैन का कहना है कि बांसुरी स्वराज की ओर से लगाए गए ये आरोप आधारहीन और राजनीति से प्रेरित थे। बता दें कि सत्येंद्र जैन को भ्रष्टाचार के ही आरोपों में गिरफ्तार किया गया था और वह लंबे समय तक जेल में भी रहे। हालांकि, अब वह जमानत पर बाहर हैं।

सत्येंद्र जैन ने क्या कहा?

 

बांसुरी स्वराज को घेरते हुए सत्येंद्र जैन ने कहा है कि उन्हें 'भ्रष्ट' और 'धोखेबाज' कहकर उनका अपमान किया गया है। सत्येंद्र जैन का कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के चलते उनकी निजी और सार्वजनिक छवि को बहुत पहुंचा है। इससे उनकी जन प्रतिनिधि की छवि और समाज में उनकी इज्जत घटी है। सत्येंद्र जैन का कहना है कि इस तरह के आरोपों से एक पति, पिता, भाई, दोस्त और समाज के सदस्य के रूप में उनकी छवि धूमिल हुई है। 

 

बता दें कि AAP विधायक सोमनाथ भारती भी बांसुरी स्वराज के खिलाफ अदालत जा चुके हैं। लोकसभा चुनाव में बांसुरी स्वराज ने सोमनाथ भारती को ही हराया था। इसी के बाद सोमनाथ भारती ने आरोप लगाए थे कि बांसुरी स्वराज भ्रष्ट गतिविधियों के चलते चुनाव जीतीं। 

Related Topic:#aam aadmi party

और पढ़ें