logo

ट्रेंडिंग:

दो दिनों तक दिल्ली में होगी भारी बारिश, देश के इन राज्यों में अलर्ट

देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बन गई है, अगले दो दिनों में दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई जा रही है।

Pune

पुणे की तस्वीर: photo Credit: PTI

देश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का कहर जारी है। महाराष्ट्र, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में जोरदार बारिश हो रही है। वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को उमस और गर्मी परेशान कर रही है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून इस समय अपनी सामान्य स्थिति में दक्षिण की ओर बना हुआ है। 21 अगस्त से यह धीरे-धीरे उत्तर की तरफ बढ़ेगा। इसके चलते 22 अगस्त से उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

 

दिल्ली में 22 से 25 अगस्त के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यही अलर्ट चंडीगढ़ और हरियाणा में भी लागू रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर (निम्न दबाव क्षेत्र) की वजह से आने वाले कुछ दिनों में कई राज्यों में तेज से भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। 

 

 

यह भी पढ़ेंः कम नींद बन सकती है डायबिटीज का कारण, स्टडी में दावा

मुंबई में आज का मौसम

मुंबई में पिछले 6 दिन से लगातार हो रही भारी बारिश के बाद अब 21 अगस्त के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश से शहर में जलभराव, ट्रैफिक जाम, हवाई और रेल सेवाओं पर असर पड़ा था। इससे पहले मुंबई में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था।

 

भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को मुंबई और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और अधिकतर समय बादल छाए रहने की संभावना जताई है। यानी लगातार छह दिनों से हो रही भारी बारिश से अब लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

 

गुरुवार के लिए मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि कोकण के जिलों में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण महाराष्ट्र के कई जिलों में मध्यम बारिश और उत्तर महाराष्ट्र के कुछ जिलों में बारिश के आसार हैं। वहीं, मराठवाड़ा में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।

 

महाराष्ट्र में आज मुंबई, पुणे, ठाणे, अहमदनगर, सोलापुर, सतारा, जालना और नागपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी है। जबकि बुलढाणा, अकोला और गोंदिया जिलों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

यूपी का मौसम 

यूपी में पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं हुई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी बहुत परेशान कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, कल भी राहत मिलने की संभावना कम है लेकिन 22 अगस्त से मौसम बदल सकता है।

 

पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलिया, आजमगढ़, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र जिलों में 22 से 25 अगस्त तक तेज बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी यूपी के मेरठ, सहारनपुर, बुलंदशहर और शामली जिलों में 23 से 26 अगस्त तक भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

 

बिहार-झारखंड का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अगले सात दिनों तक बारिश होने की संभावना है। 22 और 23 अगस्त को राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। कुछ जिलों के ग्रामीण हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है। इसी वजह से मौसम विभाग ने नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं झारखंड में भी 22 अगस्त को भारी बारिश होने का अनुमान है।

 

यह भी पढ़ें- पवन सिंह ने ठग लिए डेढ़ करोड़ रुपये? समझिए FIR दर्ज होने की कहानी

उत्तराखंड का मौसम

इस बार उत्तराखंड में बारिश ने भारी तबाही मचाई है। यहां लोगों की जान और संपत्ति दोनों को बड़ा नुकसान हुआ है। अब मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक लगातार बारिश का अलर्ट दिया है। साथ ही 23 से 25 अगस्त के बीच भूस्खलन और बाढ़ का खतरा भी बताया है।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान का मौसम

मौसम विभाग ने 23 अगस्त को पंजाब, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 23 और 24 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

Related Topic:#Weather Today#Rains

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap