• NEW DELHI 17 Oct 2025, (अपडेटेड 17 Oct 2025, 10:19 AM IST)
राजधानी दिल्ली में कुछ जगहों पर AQI 350 से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में आज बारिश हो सकती है तो पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना है।
सांकेतिक तस्वीर, Photo Credit: PTI
पहाड़ों से लेकर मैदानी हिस्सों तक मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। कई राज्यों में सुबह-शाम ठंड का एहसास होने लगा है और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो रही है। वहीं, कुछ राज्यों में तेज धूप के कारण गर्मी पड़ रही है और राजधानी दिल्ली की हवा दिवाली से पहले ही जहरीली होती जा रही है। आज सुबह दिल्ली के कुछ इलाकों में AQI 350 पार चला गया जो बहुत खराब कैटेगरी में आता है। हवा की खराब क्वालिटी को देखते हुए दिल्ली में ग्रैप-1 भी लागू कर दिया गया है। वहीं, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं।
राजधानी में मौसम का मिजाज पिछले कुछ दिनों से बदला हुआ है। सुबह-रात में ठंड तो दिन में गर्मी पड़ रही है। ठंड के साथ ही दिल्ली में प्रदूषण भी बढ़ने लगा है। शुक्रवार सुबह अक्षरधाम में AQI 369 तक पहुंच गया है। वहीं, इंडिया गेट पर AQI 220 दर्ज किया गया। गुरुवार को दिल्ली में स्थित 38 मॉनिटरिंग सेंटर्स में से पांच पर एयर क्वालिटी को बहुत खराब कैटेगरी में रखा गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में आज मौसम सामान्य रहेगा और कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है।
उत्तर प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है। राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई अन्य शहरों में तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में सुबह और रात के वक्त ठंड का अहसास होगा लेकिन दोपहर में धूप निकलेगी। दिवाली से पहले तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की संभावना नहीं जताई है। हालांकि, कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास गिरावट की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर से बिहार में कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अगले तीन दिनों तक हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। आज कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, कहीं भी तेज बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है। मौसम विभाग ने चार दिन पहले ही मानसून ही बताया था कि मानसून की विदाई हो चुकी है। मध्य प्रदेश में दिवाली के बाद तापमान कम होने की संभावना है।
बंगाल में हो सकती है बारिश
पिछले चार दिनों से बंगाल में बारिश नहीं हुई है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि आज शनिवार और रविवार को बंगाल के तटीय इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। कोलकाता में आज बारिश की संभावना नहीं जताई गई है लेकिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। ओडिशा में आज मौसम खराब रह सकता है। मौसम विभाग ने ओडिशा में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने ओडिशा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी शुरू हो गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से पारा तेजी से गिर रहा है, जिसका असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा रहा है। बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में भी सर्दी बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगर दिवाली तक बर्फबारी जारी रही तो मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ सकती है। हिमाचल प्रदेश में 21 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है लेकिन कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से ठंड बढ़ सकती है।
दक्षिण भारत में होगी बारिश
उत्तर भारत से मानसून की विदाई हो चुकी है लेकिन दक्षिण भारत में अभी भी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी दक्षिण भारत में बारिश होने की संभावना है। तमिलनाडु और केरल में मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा और कर्नाटक में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबादी होने की संभावना है।