दिल्ली-NCR में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। दिल्ली में बुधवार रात से आज सुबह तक झमाझम बारिश हुई। गुरुवार तड़के दिल्ली में बारिश का सिलसिला जारी रहा है जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, बारिश के कारण घने कोहरे और प्रदूषण से आज कुछ राहत मिली है।
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए हल्की बारिश और रात के समय हल्के कोहरे रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान के लिए आज बारिश का अलर्ट है। पहाड़ी राज्यों में अभी ठंड का सितम जारी रहेगा। आइये नजर डालते हैं आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में और होगी बारिश?
दिल्ली में बुधवार रात से गुरुवार तड़के तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय एक-दो बार और बारिश हो सकती है। 17 और 18 जनवरी को कई इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहेगा जिसकी वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। यहां अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं, 19 और 20 जनवरी को हल्का कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। 21 जनवरी को हल्की बारिश की उम्मीद है।
पंजाब-हरियाणा में कैसा मौसम?
आज पंजाब में घना कोहरा छाया रहेगा जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। 18 और 19 जनवरी को कई इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी है। हरियाणा में भी ऐसी ही स्थिती देखने को मिल सकती है। आज दोनों राज्यों में घना कोहरा छाया रहेगा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में फिर से ग्रैप-4 लागू, गंभीर श्रेणी में पहुंची हवा
पहाड़ी इलाकों का क्या हाल?
पहाड़ी राज्य हिमाचल और उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में आज मौसम साफ रह सकता है। ऊचांई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी जबकि निचले इलाकों में बारिश हो सकती है। आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है।
यूपी-बिहार का क्या हाल?
प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ को बारिश की नजर लग सकती है। आज उत्तर प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। आज के लिए मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज बहुत हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार में आज घना कोहरा छाया रहेगा। अरवल, पटना, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, सिवान, सारण, नालंदा और गोपालगंज में ठंड ज्यादा बढ़ेगी।