logo

ट्रेंडिंग:

कहीं येलो कहीं ऑरेंज अलर्ट, बारिश ने फिर डराया; जानिए आज का मौसम

देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान गिरने से मौसम ठंडा हो जाएगा।

Rains

शिमला में बारिश, Photo Credit: PTI

देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। सितंबर महीने के आखिरी कुछ दिनों में तापमान बढ़ने के बाद अब अक्टूबर महीने के पहले हफ्ते में ही बारिश के कारण तापमान कम हो गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। पिछले दिनों शक्ति चक्रवात और बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र के कारण खूब बारिश हुई और 8 अक्टूबर तक इसका असर दिखेगा। मौसम विभाग ने आज यानी 7 अक्टूबर को देश के कई राज्यों में बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

 

दिल्ली समेत एनसीआर के इलाकों में कल से शुरू हुआ बारिश का दौर आज भी जारी रहेगा। बीती रात से ही दिल्ली एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने से मौसम सुहावना बना हुआ है। कई जगहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम भी हो गया है। बारिश से मौसम में हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली,गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और नोएडा में घने बादल छाने और कई जगहों पर मध्यम से तेज बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। तेज हवाएं चलने के कारण तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जाएगी और हल्की ठंड होगी।

 

यह भी पढ़ें-- CJI गवई पर जूता फेंके जाने को लेकर क्या बोले पीएम मोदी?

चक्रवात शक्ति का पडे़गा असर

इस सीजन का पहले चक्रवात शक्ति का असर भारत के भूभाग पर पड़ने की कम संभावना है लेकिन इसके कारण कई इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है। यह शक्तिशाली चक्रवात अब पश्चिम की ओर बढ़ते हुए अब कमजोर होना शुरू हो गया है। इसका प्रभाव पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर तक दिख सकता है। बंगाल में पहले से ही कई जगहों पर लगातार बारिश हो रही है और जलभराव के हालात बन चुके हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह चक्रवात कुछ राज्यों में बारिश की तीव्रता को बढ़ा सकता है। 

आज का मौसम

यूपी-बिहार में भारी बारिश

उत्तर प्रदेश के लोगों को भी उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। सोमवार को यूपी में कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली और आगरा जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ 30–40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है और भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान पूर्वी यूपी की तुलना में पश्चिमी यूपी में ज्यादा बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 8 अक्टूबर से मौसम सामान्य होना शुरू हो जाएगा। 

 

यह भी पढ़ें-- 'जाओ भगवान से कहो', भगवान विष्णु की खंडित मूर्ति बदलने पर CJI ने कहा

 

बिहार के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है और अगले 2–3 दिनों तक बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तर-पूर्वी बिहार में भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि अपने खेतों में खड़े एक्स्ट्रा पानी को निकाल दें। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के ज्यादातर हिस्से में आज बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश की संभावना देखते हुए मौसम विभाग ने पूर्वी-पश्चिमी चंपारण, सारण, सीवान, भोजपुर, रोहतास, भागलपुर, बांका, पूर्णिया समेत कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल-उत्तराखंड का मौसम

हिमाचल और उत्तराखंड में इस सीजन बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है। हालांकि, पिछले 2 हफ्तों से दोनों राज्यों में बारिश से राहत मिली है लेकिन अब मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। उत्तराखंड में आज यानी 7 अक्टूबर को चमोली, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों में मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है। तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और सड़क बंद होने जैसी घटनाएं हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से गैरजरूरी यात्रा टालने और सतर्क रहने की अपील की है।

 

वहीं हिमाचल प्रदेश में कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंडी समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। हिमाचल समेत जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं के साथ-साथ दोनों राज्यों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की है। वहीं कश्मीर में इस सीजन की पहली बर्फबारी भी देखने को मिली। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 8 अक्टूबर तक हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर में बर्फबारी हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें-- धर्मांतरण विरोधी कानूनों पर लगेगी रोक? SC ने 9 राज्यों को भेजा नोटिस

इन राज्यों में बारिश 

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में आज भारी बारिश होने की संभावना है। राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बीकानेर, जयपुर, हनुमानगढ़ी समेत कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है तो वहीं भीलवाड़ा, कोटा, झालावाड़ के आसपास के जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाओं के साथ राज्य में आज भी झमाझम बारिश होने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर जिलों में भी भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

देश के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में कुछ इलाकों को छोड़कर ज्यादातर में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं, दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में 10 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी है। तटीय राज्यों में तेज हवाएं और समुद्र में ऊंची लहरों के कारण मछुआरों को गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Related Topic:

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap