देश के उत्तरी राज्यों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी होने से ठंडी हवाएं बढ़ी है। कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस में पहुंच गया है। पहाड़ों की ओर से आ रही हवाओं के कारण दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में करीब 6°C से अधिक तापमान गिर गया है, जिससे ज्यादा ठंड का एहसास होने लगा है।
IMD ने इस सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान करीब 10°C तक गिरने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण भारत के केरल से लेकर तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश तक तेज आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है।
यह भी पढ़ें- JNU छात्र संघ के चारों पदों पर हुआ लेफ्ट का कब्जा, अदिति मिश्रा बनीं अध्यक्ष
दिल्ली के मौसम का हाल
दिल्ली-NCR में पहाड़ों की ओर से आ रही ठंडी हवाओं से सर्दी बढ़ गई है। IMD ने कहा कि पिछले 24 घंटे में दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12.7 °C दर्ज किया गया है जो अभी के मौसम के औसत तापमान के 2.6° कम है। पिछले 36 घंटे के दौरान करीब 6°C तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अगले 2 से 3 दिन में तापमान में और भी गिरावट का अनुमान है।
यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में रात में ठंड बढ़ने लगी है। IMD के मुताबिक, पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण पश्चिमी यूपी के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 15 °C से नीचे आ गया है। अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में और भी गिरावट का अनुमान है जिससे गलन वाली सर्दी का एहसास होगा। IMD के मुताबिक मेरठ, बुलंदशहर, अमेठी, बाराबंकी, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या में पारा 15 डिग्री से कम दर्ज किया गया। अभी भी बीच-बीच में आसमान में बादल दिख सकते हैं, लेकिन बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।
यह भी पढ़ें- 'कास्टवाद नहीं राष्ट्रवाद', धीरेंद्र शास्त्री शुरू करेंगे सनातन पदयात्रा
राजस्थान और बिहार
IMD के मुताबिक राजस्थान के कई भागों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अब मौसम साफ होने से जयपुर, अजमेर, सीकर, जोधपुर समेत कई जिलों में तापमान 15 °C से कम होने का अलर्ट है, जिससे वीकेंड तक ठंड और कोहरे में इजाफा होगा। वहीं बिहार में कुछ दिन तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। IMD के अनुसार मौसम साफ होने के बाद ठंडी हवाओं से ठंड बढ़ेगी। फिलहाल पटना समेत कई शहरों में प्रदूषण का लेवल हाई रहेगा।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश
वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। खासकर हिमाचल के कुछ इलाकों में बर्फबारी होने से न्यूनतम तापमान माइनस पर पहुंच गया है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली और बागेश्वर में बूंदाबांदी और बर्फबारी का पूर्वानुमान है, जिससे पहाड़ों के साथ मैदानी इलाकों का तापमान काफी गिरा है।