logo

ट्रेंडिंग:

'हार से भी नहीं सीखा', कांग्रेस की दिल्ली में 'वोट चोर गद्दी छोड़ रैली' पर BJP

दिल्ली में कांग्रेस ने 'वोट चोर गद्दी छोड़' रैली आयोजित की है। बिहार चुनाव के बाद यह कांग्रेस का पहला बड़ा अभियान है। बीजेपी ने इस रैली को बकवास बताया है।

Congress

दिल्ली के राम लीला मैदान में कांग्रेस की 'वोट चोर गद्दी छोड़' रैली। (Photo Credit: INC/X)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

बिहार विधानसभा चुनावों में महज 6 सीटों पर सिमटने के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित की है। कांग्रेस की इस रैली में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी इस रैली में कार्यकर्ताओं को 'वोट चोरी' का मुद्दा उठाने वाले हैं। बिहार चुनाव में भी उन्होंने चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बहाने विपक्षी वोटर में सेंध लगाने की बात कही थी। अब एक बार फिर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे, उसी तरह चुनाव आयोग और बीजेपी को घेरने वाले हैं। 

कांग्रेस की 'वोट चोर गद्दी छोड़' रैली में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा जैसे बड़े नेता शामिल हो रहे हैं। पार्टी का कहना है कि चुनाव आयोग और बीजेपी मिलकर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर वोट चोरी कर रहे हैं, जिसके खिलाफ यह प्रदर्शन है। बिहार चुनाव में हार के बावजूद कांग्रेस इस मुद्दे को नहीं छोड़ रही। रैली की तैयारी जोरों पर है। 

यह भी पढ़ें: बिहार से मिली सीख या खुद पर भरोसा? यूपी में कांग्रेस से दूर भाग रहे अखिलेश यादव

पप्पू यादव, सांसद, पूर्णिया:-
कांग्रेस ने अंग्रेजों के समय में भी लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी। भारत जोड़ो यात्रा से लेकर आज तक राहुल गांधी ने लगातार पदयात्राएं भी कीं और 'वोट चोर गद्दी छोड़' के नारे के साथ भी वे लगातार लड़ते रहे हैं। पहले ही इन्होंने नौकरी खत्म करके आरक्षण खत्म कर दिया और अब ये लोग दलित, आदिवासी, गरीब पिछड़ा, अति पिछड़ों का अधिकार छीन कर संविधान को खत्म करना चाहते हैं।

 

 


कई राज्यों से जुट रहे कार्यकर्ता

दिल्ली के अलावा यूपी, हरियाणा, बिहार, पंजाब, झारखंड जैसे राज्यों से हजारों कार्यकर्ता आ रहे हैं। पार्टी ने अकबर रोड ऑफिस पर कंट्रोल रूम बनाया है। राहुल गांधी ने कई प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक जैसे राज्यों में वोटर लिस्ट की अनियमितताओं के सबूत पेश किए हैं। उनका मानना है कि ये लोकतंत्र पर हमला है और इसे जन आंदोलन बनाना चाहते हैं।

यह भी पढ़ें: SIR पर ममता बनर्जी की रणनीति से कैसे निपटेगी BJP? पीएम मोदी ने सुझाया फॉर्मूला

गौरव गोगोई, कांग्रेस:-
सदन के अंदर राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से कहा कि संविधान के निर्माताओं ने, स्वतंत्रता सेनानियों ने सबसे बड़ा जो उपहार भारत के जनमानस को दिया वो है उनका वोट का अधिकार। ये वोट 140 करोड़ लोगों की ताकत व उनकी आवाज है। इस आवाज और ताकत को वोट चोरी के द्वारा भाजपा खत्म करना चाहती है। मैं राहुल गांधी का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने आम लोगों के वोट के अधिकार के लिए पदयात्रा से लेकर सदन तक ये मुहिम चलाई है। आने वाले समय में यही संदेश जाएगा कि आम व्यक्ति के वोट के अधिकार, उनकी आवाज को सुरक्षा देने के लिए कांग्रेस पार्टी किसी भी हद तक जा सकती है। 

 

 


गठबंधन के साथी नहीं दे रहे साथ

कांग्रेस की इस रैली से सहयोगी दलों ने दूरी बनाई है। बिहार में हार के बाद कांग्रेस के साथी भी, कांग्रेस से कतरा रहे हैं। कांग्रेस ने इस रैली के लिए देशभर में 5 करोड़ से ज्यादा हस्ताक्षर इकट्ठे किए हैं। कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे को असम, केरल, बंगाल जैसे चुनावों में उठाएगी। यह चुनाव से पहले ही रणनीति मानी जा रही है। कांग्रेस यहीं से अपने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने का मंत्र देगी।

एक तरफ कांग्रेस इस रैली पर उत्साहित है, बीजेपी ने इस रैली को घिसा पिटा बताया है। बीजेपी का कहना है कि कांग्रेस, बिहार विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद भी कुछ नहीं सीख पाई है। 
 
यह भी पढ़ें: चाह कर भी कांग्रेस को नहीं छोड़ सकते अखिलेश यादव, वजह क्या है?

बीजेपी क्या कह रही है?

ऋतुराज सिन्हा, बीजेपी नेता:-

राहुल गांधी की ये रैली इस बात का सूचक है कि राहुल गांधी को देश की राजनीतिक भावना की समझ नहीं है। बिहार में 15 दिन उन्होंने वोटर अधिकार यात्रा के नाम पर चुनाव प्रचार किया। बिहार में चुनाव संपन्न होने के बाद भी किसी ने भी SIR की कार्रवाई को गलत नहीं ठहराया। अंत की बात ये है कि राहुल गांधी देश और समाज के मन को नहीं जानते हैं। देश के लोकतंत्र को मजबूती देने के लिए वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण करने का मन देश की जनता अब बना चुकी है। 

एनडीए गठबंधन के नेता उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, 'व्यर्थ ही कांग्रेस के लोग काम कर रहे हैं। वोट चोरी का कोई मुद्दा ही नहीं है। उन्हें अब भी कुछ समझ नहीं आ रहा है, जब वोट चोरी के नाम पर बिहार के लोगों ने उन्हें जवाब दे दिया है। कांग्रेस के लोग औंधे मुंह गिरे हैं। उसके बावजूद ये लोग इस विषय को मुद्दा बनाए हुए हैं।'

 

 

संबित पात्रा, प्रवक्ता, बीजेपी:-
एक व्यक्ति जो हमेशा टी शर्ट पहनता है उस दिन खादी पहनकर आता है। उसी से उनके असली रूप का पता चलता है और उन्होंने SIR की एक कहानी गढ़ी। उन्होंने पूरी कहानी गढ़ी और जब गृह मंत्री ने बिंदूवार एक-एक जवाब दिया। सभी विषयों को कांग्रेस पार्टी ने सुना। जब तेलंगाना, हिमाचल, कर्नाटक में वे जीते तब वोट चोरी नहीं हुई लेकिन जहां बीजेपी जीती वहां वोट चोरी। जब गृह मंत्री ने घुसपैठियों का जिक्र किया कि कांग्रेस पार्टी घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही है तब उन्होंने गतिरोध किया और वॉकआउट किया, इससे साफ है कि यह जो SIR के खिलाफ रैली हो रही है यह घुसपैठियों को बचाने की कवायद कांग्रेस पार्टी कर रही है।

बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा, 'आज कांग्रेस पार्टी रामलीला मैदान में वोट चोरी के खिलाफ रैली कर रही है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस शासित बाकी राज्यों से भी लोग आ रहे हैं। आश्चर्य की बात है कि लोकतंत्र के मंदिर यानि सदन में चर्चा के बाद भी कांग्रेस पार्टी यह रैली कर रही है। इसी कांग्रेस पार्टी ने SIR पर चर्चा के लिए सदन में आवेदन दिया था, सदन में सभी ने अपने मन की बातों को रखा और केंद्रीय गृह मंत्री ने इसका जवाब भी दिया।'


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap