देशभर में 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने हैं और इसके लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। कांग्रेस ने अब इन चुनावों के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। अटकलों को दरकिनार करते हुए पार्टी ने बड़े चेहरों की जगह स्थानीय कार्यकर्तोओं को मौका दिया है। हिमाचल, हरियाणा से लेकर छत्तीसगढ़ तक पार्टी ने जमीनी कार्यकर्ताओं पर विश्वास जताया है। कुल छह सीटों पर पार्टी ने प्रत्याशी उतारे हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम का नाम भी शामिल है।
कांग्रेस ने तेलंगाना से अभिषेक मनु सिंघवी, वेम नरेंद्र रेड्डी को टिकट दिया है। छत्तीसगढ़ से फूलो देवी, हिमाचल से अनुराग शर्मा, हरियाणा से कर्मवीर सिंह बोद्ध और तमिलनाडु से एम. क्रिस्टोफर तिलक को उम्मीदवार बनाया है। इनमें ज्यादातर लोग संगठन से जुड़े हुए हैं। इस बीच छत्तीसगढ़ की प्रत्याशी फूलो देवी का नाम काफी चर्चा में हैं। आदिवासी समाज से आने वाली फूलो देवी पर पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है।
यह भी पढ़ें: Bihar Live Updates: 'राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं...', नीतीश का एलान
कौन हैं फूलो देवी नेताम?
फूलो देवी नेताम राज्यसभा की सदस्य हैं और उनका कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को खत्म होने वाला है। वह छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सीनियर नेता हैं और वह महिला कांग्रेस की राज्यअध्यक्ष भी हैं। वह छत्तीसढ़ विधानसभा की सदस्य भी रह चुकी हैं। मौजूदा समय में फूलो देवी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ से कांग्रेस की रंजीत रंजन और राजीव शुक्ला भी सांसद थे लेकिन पार्टी ने फूलो देवी पर फिर से भरोसा जताया है।
आदिवासी नेतृत्व पर भरोसा
फूलो देवी मूल रूप से छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले की रहने वाली हैं। 2020 में पहली बार पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। इससे पहले वह संगठन के कई अहम पदों पर रह चुकी हैं। वह राज्य की एक प्रमुख आदिवासी नेता हैं। उनके अलावा पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज का नाम भी चर्चा में था लेकिन पार्टी ने फूलो देवी के नाम पर मुहर लगाई।
16 मार्च को होंगे चुनाव
देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन है। इन सीटों के लिए 16 मार्च को वोटिंग होगी और उसी दिन शाम 5 बजे के बाद वोटों की गिनती होगी। जिन राज्यों में चुनाव होंगे उनमें महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पास 35 विधायक हैं ऐसे में पार्टी एक सीट पर जीत दर्ज कर सकती है।