कांग्रेस ने राज्यसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने अलग-अलग राज्यों से कई दिग्गज प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। तेलंगाना से कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता और जाने-माने वकील अभिषेक मनु सिंघवी को दोबारा मौका दिया है, साथ ही वेम नरेंद्र रेड्डी को भी उम्मीदवार बनाया है।
छत्तीसगढ़ से फूलो देवी नेताम पार्टी की ओर से चुनाव लड़ेंगी। हरियाणा में करमवीर सिंह बौध को टिकट मिला है। हिमाचल प्रदेश से अनुराग शर्मा को कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है, जबकि तमिलनाडु से एम. क्रिस्टोफर तिलक राज्यसभा में पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उम्मीदवार अब नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं। कांग्रेस इन सीटों पर मजबूत स्थिति बनाने की कोशिश में जुटी है। कुल 37 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। 16 मार्च 2026 को राज्यसभा के लिए वोटिंग होगी।
यह भी पढ़ें: DMK-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग फाइनल, कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव? जानें
राज्यसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने किन पर भरोसा जताया है?
- अभिषेक मनु सिंघवी: कांग्रेस के शीर्ष नेताओं में से एक हैं। वह देश के चर्चित वकील हैं। वह कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। वह पहले भी राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। इस बार उन्हें तेलंगाना से उम्मीदवार बनाया गया है। वह कानूनी मामलों में पार्टी के सबसे बड़े संकटमोचक माने जाते हैं।
- वेम नरेंद्र रेड्डी: तेलंगाना की राजनीति के चर्चित नाम हैं। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बेहत करीबी हैं। मुख्यमंत्री के रणनीतिक सलाहकार हैं। उन्होंने तेलंगाना में संगठन को मजबूत किया है। राहुल गांधी से भी बेहतर रिश्ते हैं।
- फूलो देवी नेताम: छत्तीसगढ़ की चर्चित आदिवासी नेता हैं। वह छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रही हैं और वर्तमान में भी राज्यसभा की सदस्य हैं। पार्टी ने आदिवासी समुदाय में उनकी पकड़ को देखते हुए उन पर भरोसा जताया है। उन पर एक जानलेवा नक्सली हमला हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बची गई थीं।
यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस के बिना 30 सीटें भी नहीं जीत सकती DMK', विजय की पार्टी का बड़ा दावा
- कर्मवीर सिंह बौद्ध: हरियाणा कांग्रेस के नेता हैं। पुराने अधिकारी रहे हैं। अब दलित समाज और पिछड़ों के अधिकारों के लिए काम करते हैं। हरियाणा की राजनीति में जातीय समीकरणों को संतुलित करने के लिए पार्टी ने इन्हें आगे बढ़ाया है।
- अनुराग शर्मा: हिमाचल प्रदेश के चर्चित युवा नेता हैं। कांग्रेस के युवा और उभरते हुए नेता हैं। हिमाचल प्रदेश में पार्टी के भीतर समन्वय के लिए चर्चा में रहे हैं। युवा प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने के लिए उन पर कांग्रेस ने भरोसा जताया है। वह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हैं।
- एम. क्रिस्टोफर तिलक: तमिलनाडु कांग्रेस के चर्चित और सीनियर नेता हैं। इन्होंने पार्टी में अलग-अलगन संगठनात्मक पदों पर काम किया है। दक्षिण भारत में कांग्रेस के कैडर को मजबूत करने में इनकी भूमिका अहम रही है।