logo

ट्रेंडिंग:

एक तस्वीर ने पंजाब में मचा दी हलचल, क्या तय हो गया बीजेपी-अकाली गठबंधन?

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया इन दिनों पंजाब के दौरे पर हैं। उनके नशा विरोधी मार्च में अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल के साथ बीजेपी नेता अश्वनी शर्मा भी पहुंचे, जिससे दोनों दलों के गठजोड़ को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

Sukhbir sing Badal with Governor

गुलाबचंद कटारिया और सुखबीर बादल, Photo Credit: Sukhbir Singh Badal

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

पंजाब की राजनीति में कल उस समय हलचल तेज हो गई जब पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया की नशा विरोधी पदयात्रा में शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर बादल और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मी एक साथ दिखे। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने तुरंत इस यात्रा की तस्वीरें शेयर कर इस यात्रा पर सवाल उठाए। कांग्रेस प्रधान ने तो इस यात्रा को समझौता एक्सप्रेस करार दिया। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद एक बार फिर अकाली दल और बीजेपी के एक साथ आने की अटकलें तेज हो गई हैं। 

 

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया नशा विरोधी पैदल मार्च निकाल रहे थे। इस मार्च में उनके साथ सुखबीर बादल और अश्वनी शर्मा नजर आए। हालांकि, यह सिर्फ एक नशा विरोधी मार्च है लेकिन सुखबीर बादल और अश्वनी शर्मा का गुलाबचंद कटारिया के साथ होना पंजाब में करवट लेती सियासत की ओर इशारा माना जा रहा है। अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन को लेकर एक बार फिर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। 

 

यह भी पढ़ें: बिहार-महाराष्ट्र के बाद यूपी में कमाल दिखा पाएंगे औवैसी? क्या कहते हैं आंकड़े

 

अकाली दल चाहता है गठबंधन

अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी लंबे समय तक एक दूसरे के साथ रहे। 2020 में कृषि कानूनों के कारण दोनों एक दूसरे से अलग हो गए थे। विरोध के बाद किसान कानून तो वापिस हो गए लेकिन बीजेपी और अकाली फिर से साथ नहीं आए। हाालांकि, अकाली दल बीजेपी के साथ गठबंधन चाहता है। अकाली दल पंजाब की सत्ता में आने के लिए पूरी कोशिश कर रहा है लेकिन अपने पुराने सहयोगी के बिना अकाली दल की राह आसान नहीं है। अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने बीजेपी के सामने गठबंधन को लेकर कुछ शर्तें रखी हैं। अकाली दल का कहना है कि गठबंधन तभी होगा जब बीजेपी अकाली दल की शर्तों को मानेगी। 

 

  • सिखों के धार्मिक स्थानों में दखल ना दिया जाए। SGPC को कमजोर करने की कोशिश ना करें और हरियाणा SGPC के अलग से चुनाव ना हों।
  • पंजाब के पानी के मुद्दों पर बात हो। बाहरी लोगों को BBMB में जगह ना दी जाए। हरियाणा और राजस्थान के प्रतिनिधियों को BBMB में जगह ना दी जाए।
  • बंदी सिखों को रिहा किया जाए। आरोप है कि सिखों को केंद्र सरकार निशाना बना रही है।
  • पंजाब यूनिवर्सिटी समेत अन्य संस्थानों में केंद्र दखल ना दे। 
  • MSP और किसानों के मुद्दों पर बातचीत शुरू की जाए।

दो भागों में बंटी बीजेपी

 

भारतीय जनता पार्टी के नेता पंजाब में किसी स्पष्ट नीति पर काम करते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। एक तरफ तो कुछ नेता अकाली दल के साथ गठबंधन की बात करते हैं तो दूसरी तरफ कुछ नेता इस गठबंधन का विरोध कर रहे हैं। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और अब बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तो यहां तक कह दिया है कि अगर बीजेपी अकाली दल के साथ गठबंधन नहीं करती तो पंजाब में 2031 में भी सत्ता में नहीं आ सकती। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष ने भी अकाली दल के साथ गठबंधन की बात कही लेकिन अभी तक केंद्रीय नेतृत्व ने इस पर कोई फैसला नहीं किया है।

 

पंजाब बीजेपी के ही कुछ नेता हैं जो अकाली दल के साथ गठबंधन नहीं करना चाहते। ऐसे नेताओं को हरसिमरत कौर ने भी जवाब दिया और कहा कि बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व को गुमराह करने वालों की दुकानें अकाली-बीजेपी गठबंधन के कारण बंद हो जाएंगे। यही कारण है कि वे गठबंधन नहीं होने दे रहे। 

 

साथ दिखे सुखबीर-अश्वनी शर्मा

गुलाब चंद कटारिया को राजनीति का मंजा हुआ खिलाड़ी माना जाता है। भले ही वह पंजाब के राज्यपाल हैं लेकिन उनके राजनीतिक कद को कम नहीं आंका जा सकता। पंजाब बीजेपी के कार्यकारी प्रधान अश्वनी शर्मा अब तक अकाली दल के साथ गठबंधन का विरोध करते रहे लेकिन अब खुद सुखबीर बादल के साथ नजर आ रहे हैं। ऐसे में अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि क्या अश्वनी शर्मा भी अकाली दल के साथ गठबंधन की पैरवी करने वाले हैं। अगर ऐसा होता है तो आने वाले दिनों में बीजेपी-अकाली गठबंधन की राह आसान हो जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: पंजाब में हरियाणा मॉडल के बहाने पैर जमाने की कोशिश में BJP, क्या जनता देगी मौका?

 

भले ही गठबंधन को लेकर फैसला अभी कुछ समय बाद हो लेकिन दोनों नेताओं के साथ आने से साफ हो गया है कि दोनों दलों के बीच को कड़वाहट नहीं है। बीजेपी अभी अपनी स्थिति का आकलन कर रही है और उसके बाद ही कोई कदम उठाएगी। 

कौन कर रहा पैरवी?

दोनों दलों के नेता गठबंधन को लेकर बयानबाजी करते रहे हैं लेकिन किसी ने भी अभी तक अपने दल के सीनियर नेतृत्व से गठबंधन की पैरवी नहीं की है। इस पदयात्रा में सुखबीर बादल और अश्वनी शर्मा के साथ एक तीसरा व्यक्ति भी गुलाब चंद कटारिया के साथ दिखा। इस व्यक्ति को इस गठबंधन का सूत्रधार माना जा रहा है। इस यात्रा में डेरा ब्यास मुखी गुरिंदर सिंह ढिल्लों भी मौजूद रहे। उनकी मौजूदगी ने गठबंधन की अटकलों को और ज्यादा हवा दी है। गुरिंदर ढिल्लों को बीजेपी और अकाली दल दोनों का करीबी माना जाता है। क्या डेरा ब्यास मुखी की इस गठबंधन में कोई भूमिका है इसको लेकर अब पंजाब के सियासी गलियारों में खासी चर्चा है।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap