• NEW DELHI 22 Nov 2024, (अपडेटेड 22 Nov 2024, 4:04 PM IST)
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रेवड़ी पर चर्चा अभियान लॉन्च किया है। उन्होंने रेवड़ी को लेकर भारतीय जनता पार्टी की चुटकी भी ली है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल। (तस्वीर-PTI)
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने विधानसभा चुनावों से पहले 'रेवड़ी पर चर्चा' कैंपेन लॉन्च किया है। उनकी पार्टी, अरविंद केजरीवाल के 6 रेवड़ियों पर चर्चा करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता जनता में जाकर बताएंगे कि अगर भारतीय जनता पार्टी (BJP) सत्ता में आई तो दिल्ली के लोगों मिलने वाली 6 रेवड़ियां बंद हो जाएंगी।
अरविंद केजरीवाल का यह कैंपेन 25 नवंबर से शुरू होगा और 10 दिसंबर तक चलेगा। 15 दिनों तक चलने वाले इस कैंपेन में कार्यकर्ता घर-घर जाकर आम आदमी से इन मुद्दों पर चर्चा करेंगे। विपक्ष मुफ्त बिजली, पानी और महिलाओं को मिलने वाली फ्री बस टिकट को लेकर आम आदमी पार्टी की आलोचना करता रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कैंपेन लॉन्च करते हुए कहा, 'हमारे पास दिल्ली के लोगों के लिए छह रेवड़ियां हैं। प्रधानमंत्री और BJP ने कई बार कहा है कि केजरीवाल लोगों को मुफ्त चीजें दे रहे हैं, जिन्हें बंद किया जाना चाहिए। अब लोग हमें बताएंगे कि क्या उन्हें ये छह मुफ्त चीजें चाहिए। BJP इसे रेवड़ी कहती है, हम इसे सेवाएं कहते हैं। अगर BJP यहां चुनी जाती है, तो वे इन सेवाओं को तुरंत बंद कर देंगे।'
क्या हैं अरविंद केजरीवाल की 6 रेवड़ियां? अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को मिलने वाली 6 सुविधाओं को रेवड़ी कहा है। उनका कहना है कि अगर दिल्ली में बीजेपी सत्ता में आ गई तो इन योजनाओं को बंद कर देगी, क्योंकि नरेंद्र मोदी सरकार, इन योजनाओं के खिलाफ है। अब दिल्ली की जनता ही इन योजनाओं की रक्षा करेगी। दिल्ली फिर से पुराने दौर में चली जाएगी।
अरविंद केजरीवाल की रेवड़ी क्या है-
1. 24 घंटे मुफ़्त बिजली 2. मुफ़्त पानी 3. अच्छी और शानदार मुफ़्त शिक्षा 4. शानदार मोहल्ला क्लीनिक और सरकारी अस्पताल 5. महिलाओं को मुफ़्त बस यात्रा 6. बुजुर्गों को मुफ़्त तीर्थ यात्रा
पूरी दिल्ली में होगी 'रेवड़ी पर चर्चा'🔥💯
दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले आज आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक @ArvindKejriwal जी ने 'रेवड़ी पर चर्चा' अभियान का पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं के साथ शुभारंभ किया।
कहां से आया 'रेवड़ी टर्म' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक चुनावी जनसभा में फ्रीबीज को मुफ्त की रेवड़ी कहा था। उन्होंने कहा था कि कुछ सियासी पार्टियां देश में रेवड़ी कल्चर को बढ़ावा दे रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि रेवड़ी कल्चर देश की अर्थव्यवस्था के लिए बेहद घातक है। उनका इशारा, उन योजनाओं की ओर था, जिन्हें सत्ता में आने पर राजनीतिक पार्टियां देने का वादा करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पानी, फ्री बिजली, फ्री बस यात्रा, लैपटॉप, कैश और स्कूटी देने वाली कुछ योजनाओं को लेकर सवाल उठाया था।
अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को रेवड़ी पर चर्चा अभियान लॉन्च किया है। (इमेज क्रेडिट- x.com/aap
रेवड़ी है क्या? रेलवे स्टेशन चाहे दिल्ली का हो, आगरा का हो, लखनऊ का हो या गोंडा का, जहां जाएंगे, रेवड़ी वाली मिठाई जरूर ठेले पर दिख जाएगी। रेवड़ी सफेद दिल, शक्कर और घी के मिश्रण से तैयार की जाती है। इस मिठाई को उत्तर भारत में लोग बेहद पसंद करते हैं। मकर संक्राति पर रेवड़ी बांटा जाता है, लोग प्रसाद के तौर पर इस मिठाई को साझा करते हैं।