बिहार में टिकट के लिए मारा-मारी शुरू हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल हो जनता दल यूनाइटेड, हर दल में कहीं बगावत हो रही है, कहीं टिकट मांगने के लिए जुगाड़ तंत्र पर जोर दिया जाने लगा है। बिहार की राजधानी पटना में भी रविवार को ऐसा ही एक नजारा दिखा। जेडीयू नेता बद्री भगत के समर्थक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास के बाहर पहुंच गए और अपने नेता के लिए टिकट मांगने लगे। समर्थकों के हाथ में तख्तियां हैं। तख्तियों पर लिखा है, 'करगहर की महिला शक्ति पुकार, बद्री भगत इस बार।'
समर्थकों का कहना है वे बद्री भगत के लिए टिकट चाहते हैं। यहां के मौजूदा कांग्रेस विधायक संतोष मिश्रा, कभी आते ही नहीं हैं। न व किसी की सुनते हैं, न काम करते हैं। विधानसभा का कामकाज ठप पड़ा है। अगर उन्हें दोबारा टिकट मिला तो चुनाव वह जीत जाएंगे लेकिन हमारे साथ अन्याय हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: तेज प्रताप यादव से रोहिणी तक, सबके लिए जयचंद क्यों हैं संजय यादव?
क्या चाहते हैं प्रदर्शनकारी?
पटना में मौजूद एक प्रदर्शनकारी ने कहा, 'हम बद्री भगत के लिए टिकट मांगने आए हैं। करगहर विधानसभा के विधायक संतोष मिश्रा हैं। वह कुछ भी नहीं कर रहे हैं। वह हमसे मिलने तक नहीं आ रहे हैं। हमें 1 बजे नीतीश कुमार ने मिलने के लिए बुलाया है।'
बद्री भगत के समर्थक सैकड़ों की संख्या में पहुंचे हैं। वे सीएम आवास की ओर जाने वाले लेन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। वहां जाने वाले लोगों की लंबी कतार है, सबके हाथों में तख्तियां हैं, सबकी एक मांग है कि अब वहां के मौजूदा विधायक को बदल दिया जाए, वह काम-काज नहीं करते हैं। |
यह भी पढ़ें: 'जयचंदों से सावधान, अंजाम बुरा होगा,' तेजस्वी को तेज प्रताप की सलाह
महिलाओं ने कहा, 'बद्री को टिकट दें, वरना वोट नहीं देंगे'
एक महिला प्रदर्शनकारी ने कहा, 'हम नीतीश कुमार से मिलने की बड़ी उम्मीद से यहां आए हैं। हम उन्हें जिताते हैं। हमारे मन में लालसा है, जिस नीतीश कुमार को हम टीवी पर देखते थे, मीडिया में सुनते थे, उन्हें हम देखेंगे। उनसे मिलकर ही जाना है। हम नीतीश कुमार से मांग करते हैं कि वे बद्री भगत को टिकट दें, जो हर समय हमारा साथ देते हैं।'
एक महिला ने कहा, 'जब तक बद्री भगत को टिकट नहीं मिलता, हम वोट नहीं देंगे। हम बद्री भगत को अपना नेता चाहते हैं। मौजूदा विधायक कुछ नहीं करते। बद्री भैया हमेशा हमारे साथ रहते हैं। हमसे कहा गया है कि हम दोपहर 1 बजे फिर से आएं। हम नीतीश कुमार से सीधे मिलना चाहते हैं। हमसे जो भी कहा जाएगा, उसका इंतजार करेंगे। हम बहुत दूर से आए हैं।'
बद्री भगत कौन हैं?
जनता दल यूनाइटेड के स्थानीय नेता हैं। स्थानीय स्तर पर सक्रिय हैं। वह जेडीयू के बिहार प्रदेश सचिव हैं। करगहर विधानसभा से टिकट के लिए दबाव दे रहे हैं। वह रोहतास के 20 सूत्रीय सदस्य भी हैं।
यह भी पढ़ें: 'तेज बोलोगे तो गीला हो जाएगा', सम्राट चौधरी पर तेजस्वी का तंज
संतोष कुमार मिश्रा कौन हैं?
संतोष कुमार मिश्रा करगहर से विधायक हैं। वह कांग्रेस पार्टी से आते हैं। पेशे से किसान रहे हैं, अब नेता हैं। उनकी पत्नी व्यवसायी हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की है। अपनी विधानसभा में वह कम सक्रिय हैं, जिसकी वजह से जनता उनसे नाराज नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर करगहर विधानसभा से महागठबंधन के सिटिंग विधायक संतोष कुमार मिश्रा को दोबारा टिकट दिया जाता है तो उनकी जीत मुश्किल हो सकती है। उन्होंने क्षेत्र में काम कम कराया है। महागठबंधन के भीतर भी उनके खिलाफ आवाजें उठ रही हैं।