एशिया कप 2025 के सुपर-4 का रोमांचक आगाज हुआ है। शनिवार (20 सितंबर) को खेले गए सुपर-4 स्टेज के पहले मैच में बांग्लादेश ने श्रीलंका को 4 विकेट से हरा दिया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 168 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था, जिसे बांग्लादेश ने 1 गेंद शेष रहते 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
गौरतलब है कि श्रीलंका ने ही बांग्लादेश को सुपर-4 का टिकट दिलाया था। ये दोनों टीमें ग्रुप-बी में थीं। इस ग्रुप के आखिरी मैच में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को 6 विकेट से मात दी थी, जिससे बांग्लादेश को अगले राउंड में एंट्री मिली। अब उसी बांग्लादेश ने श्रीलंका को हार का स्वाद चखा दिया है।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में पहली बार खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी, यहां देखें लाइव
सैफ और तोहीद ने जड़ी फिफ्टी
टारगेट का पीछा करते हुए बांग्लादेश को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। अफगानिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में आतिशी अर्धशतक जड़ने वाले तंजिद हसन पहले ही ओवर में नुवान तुषारा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। तंजिद अपना खाता भी नहीं खोल सके। सैफ हसन और कप्तान लिटन दास ने अर्धशतकीय साझेदारी कर बांग्लादेश को इस शुरुआती झटके से उबारा। लिटन दास (23) पावरप्ले खत्म होने के बाद अगले ही ओवर में वनिंदु हसरंगा का शिकार बने। इसके बाद सैफ हसन और तौहीद हृदोय के बीच 54 रन की पार्टनरशिप हुई, जिसने श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया। सैफ हसन 45 गेंद में 2 चौके और 4 छक्के की मदद से 61 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
उनके जाने के बाद तौहीद हृदोय ने मोर्चा संभाला और बांग्लादेश को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। हृदोय ने 37 गेंद में 58 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वह 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हुए। उस समय बांग्लादेश को 9 गेंद में 9 रन की जरूरत थी। नए बल्लेबाज जाकेर अली ने आते ही चौके से खाता खोला और अगली गेंद पर सिंगल लिया। ओवर की आखिरी गेंद डॉट रही। अब बांग्लादेश को अंतिम 6 गेंद में 6 रन चाहिए थे।
यह भी पढ़ें: 'फोन बंद करो और सो जाओ,' भारत-पाक मैच से पहले बोले सूर्या
आखिरी ओवर में खूब हुआ ड्रामा
जाकेर अली ने आखिरी ओवर में दसुन शनाका की पहली ही गेंद पर चौका जड़ स्कोर बराबर कर दिया। हालांकि अगली गेंद पर वह बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में क्लीन बोल्ड हो गए। क्रीज पर उतरे महेदी हसन ओवर की तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना सके। शनाका ने उन्हें चौथी गेंद शॉर्ट डाली, जो उनके बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर विकेटकीपर कुसल मेंडिस के दस्तानों में चली गई लेकिन अंपायर ने अपनी उंगली नहीं उठाई। श्रीलंका ने तुरंत रिव्यू की मांग की और उसे महेदी का विकेट मिल गया। बांग्लादेश जीत से 1 रन दूर थी। वहीं श्रीलंका को यह मैच सुपर ओवर में ले जाने के लिए दो डॉट गेंद डालने थे। रोमांच चरम पर पहुंच चुका था।
दबाव में बल्लेबाजी करने आए नसुम अहमद ने शनाका की पांचवीं गेंद को गली की ओर गाइड किया और सिंगल के लिए भाग पड़े। गली के फील्डर ने चीते की फुर्ती से गेंद को पकड़ा और स्ट्राइकर एंड पर स्टंप्स को निशाना बनाना चाहा लेकिन वह चूक गए। अगर गेंद स्टंप्स पर लगती तो बांग्लादेश का एक और विकेट गिर सकता था लेकिन ऐसा नहीं हो सका। बांग्लादेश ने 1 गेंद रहते यह मकुाबला जीत लिया।
शनाका की मेहनत पर फिरा पानी
आखिरी ओवर को रोमांचक बनाने से पहले शनाका ने तूफानी पारी खेली थी। उन्होंने 37 गेंद में 3 चौके और 6 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 64 रन ठोक श्रीलंका को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया था। हालांकि उनकी मेहनत श्रीलंकाई टीम के काम नहीं आ सकी। श्रीलंका को इस एशिया कप में पहली हार का सामना करना पड़ा है। उसने ग्रुप स्टेज में सभी तीन मुकाबले जीते थे।