नए साल में विराट कोहली के बल्ले से शतक आ गया है। चेज मास्टर कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर वनडे में 91 गेंद में सेंचुरी ठोक दी है। कोहली की यह सेंचुरी उस समय आई है जब भारतीय टीम ने 338 रन के बड़े टारगेट का पीछा करते हुए 71 रन पर 4 विकेट खो दिए थे। कोहली ने अकेले दम पर टीम इंडिया को मुकाबले में बनाए रखा है।
कोहली ने इंदौर में तिहरे अंक में पहुंचते ही न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने के मामले में रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी यह सातवीं वनडे सेंचुरी है। वहीं पोंटिंग-सहवाग ने कीवी टीम के सामने 6-6 वनडे शतक जड़े थे।
यह भी पढ़ें: वनडे में टीम इंडिया का सबसे सफल रन चेज क्या है?
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक
- विराट कोहली - 7 शतक (36 पारियां)*
- रिकी पोंटिंग - 6 शतक (50 पारियां)
- वीरेंद्र सहवाग - 6 शतक (23 पारियां)
- सचिन तेंदुलकर - 5 शतक (41 पारियां)
- सनथ जयसूर्या - 5 शतक (45 पारियां)
यह भी पढ़ें: डेरिल मिचेल ने इंदौर में मचाई खलबली, डिविलियर्स के बाद ऐसा करने वाले पहले बैटर
कोहली की बदौलत भारत का फाइट बैक
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 58 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे लेकिन फिर भी उसने विशाल स्कोर खड़ा किया। उसे 300 के पार पहुंचाने में डेरिल मिचेल (131 गेंद में 137 रन) और ग्लेन फिलिप्स (88 गेंद में 106 रन) की अहम भूमिका रही। मिचेल-फिलिप्स ने चौथे विकेट के लिए 219 रन की साझेदारी की, जिससे न्यूजीलैंड ने खराब शुरुआत से उबरकर बड़ा टोटल बनाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पावरप्ले में रोहित शर्मा (11) और कप्तान शुभमन गिल (23) का विकेट गंवाया। पावरप्ले के बाद श्रेयस अय्यर (3) और केएल राहुल (1) भी चलते बने। कोहली ने यहां से नीतीश कुमार रेड्डी के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और भारत को संकट से निकाला। नीतीश रेड्डी (53) के आउट उन्हें हर्षित राणा का साथ मिला और दोनों ने गजब की फाइट दिखाई है। भारत को आखिरी 10 ओवर में 108 रन की जरूरत है।