LIVE NOW
गुवाहाटी में हार टाल पाएगा भारत? चौथे दिन का खेल खत्म होने तक गंवाए 2 विकेट
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट गुवाहाटी में खेला जा रहा है। मुकाबले के चौथ दिन स्टंप्स तक टीम इंडिया का स्कोर 27/2 है। साउथ अफ्रीकी टीम क्लीन स्वीप करने से 8 विकेट दूर है।

यशस्वी जायसवाल, Photo Credit: PTI
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टीम इंडिया की हालत खराब है। भारतीय टीम को हार टालने के लिए पांचवें दिन (26 नवंबर) चमत्कार की जरूरत है। ऋषभ पंत एंड कंपनी के सामने प्रोटियाज टीम ने 549 रन का टारगेट रखा है, जिसके जवाब में भारत ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 27 रन पर 2 विकेट गंवा दिए हैं। साई सुदर्शन 2, जबकि नाइटवॉचमैन कुलदीप यादव 4 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत को क्लीन स्वीप से बचने के लिए कल पूरे दिन बल्लेबाजी करनी है।
साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 489 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही। टीम इंडिया 201 रन पर ही सिमट गई। प्रोटियाज टीम को 288 रन की विशाल लीड मिली। वह भारत को फॉलोऑन न देकर दूसरी पारी में बैटिंग करने उतरी और बड़ा टारगेट सेट किया।
भारत बनाम साउथ अफ्रीका, लाइव अपडेट:-
Live Updates
November 25, 16:04
चौथे दिन स्टंप्स तक भारत ने गंवाए 2 विकेट
गुवाहाटी में चौथे दिन का खेल खत्म हो गया है। भारत का स्कोर 27/2 है। साई सुदर्शन 2, जबकि नाइटवॉचमैन कुलदीप यादव 4 रन बनाकर नाबाद हैं। साउथ अफ्रीका क्लीन स्वीप से 8 विकेट दूर है। वहीं टीम इंडिया को हार टालने के लिए पूरा पांचवां दिन खेलकर निकालना होगा।
November 25, 15:39
राहुल भी OUT
यशस्वी जायसवाल के बाद केएल राहुल भी आउट हो गए हैं। 21 के स्कोर पर भारत के दोनों ओपनर पवेलियन में हैं। साइमन हार्मर ने एक बेहतरीन गेंद पर राहुल को क्लीन बोल्ड किया। कुलदीप यादव को नाइटवॉचमैन के रूप में भेजा गया है।
November 25, 15:23
यशस्वी फिर बने यानसन का शिकार
यशस्वी जायसवाल को मार्को यानसन ने इस सीरीज में तीसरी बार पवेलियन भेज दिया है। यशस्वी सिर्फ 13 रन ही बना पाए। वह एक बार फिर कट शॉट खेलते हुए आउट हुए। अब साई सुदर्शन बल्लेबाजी करने आए हैं।
November 25, 14:58
भारत की बैटिंग शुरू
549 रन के लक्ष्य का पीछा करने भारतीय टीम उतर गई है। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल पर अच्छी शुरुआत देने की बड़ी जिम्मेदारी है। यशस्वी पहले ही ओवर में मार्को यानसन की गेंद पर बाल-बाल बचे। उनके बल्ले का किनारा लेकर गेंद स्लिप में गई थी और एडन मारक्रम की पहुंच से कुछ ही इंच पहले गिरी।
November 25, 14:43
साउथ अफ्रीका ने भारत को दिया 549 रन का टारगेट
ट्रिस्टन स्टब्स के आउट होते ही साउथ अफ्रीका ने 260/5 के स्कोर पर अपनी दूसरी पारी घोषित कर दी है। इस तरह मेहमान टीम ने भारत के सामने 549 रन का विशाल टारगेट रखा है। स्टब्स 6 रन से अपना तीसरा शतक चूक गए। उन्होंने 180 गेंद में 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 94 रन की पारी खेली। स्टब्स छक्का जड़ने के प्रयास में रवींद्र जडेजा का शिकार बने। वियान मुल्डर 35 रन बनाकर नाबाद रहे।
https://twitter.com/ProteasMenCSA/status/1993248873452839255
November 25, 13:28
साउथ अफ्रीका ने बनाई 508 रन की बढ़त
साउथ अफ्रीका ने लंच ब्रेक तक अपनी बढ़त 500 के पार पहुंचा दी है। प्रोटियाज टीम ने 508 रन की बढ़त बना ली है। अभी भी टेम्बा बावुमा की कप्तानी वाली टीम ने पारी नहीं घोषित की है। ट्रिस्टन स्टब्स 60, जबकि वियान मुल्डर 29 रन बनाकर नाबाद हैं। स्कोर 220/4 है।
November 25, 12:42
चौथा विकेट गिरा, लेकिन साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी जारी
रवींद्र जडेजा ने टोनी डीजॉर्ज (49) का विकेट झटक लिया है। साउथ अफ्रीका को 178 रन पर चौथा विकेट गिरा है। हालांकि उसने अभी भी बल्लेबाजी जारी रखने का फैसला किया है, जबकि उसकी बढ़त 460 के पार पहुंच गई है।
November 25, 12:10
स्टब्स-जॉर्जी जमे
ट्रिस्टन स्टब्स और टोनी डीजॉर्जी जम गए हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। साउथ अफ्रीका ने अपनी लीड को 430 के पार पहुंचा दी है। भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए तरस रहे हैं। टी-ब्रेक के बाद वे सफलता से दूर हैं।
November 25, 11:03
टी-ब्रेक तक साउथ अफ्रीका ने बनाई 395 रन की लीड
गुवाहाटी में टी-ब्रेक ले लिया गया है। ब्रेक तक साउथ अफ्रीका का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 107 रन है। उसने आज के पहले सेशन में 81 रन बनाए। प्रोटियाज टीम अभी भी अपने रनों की गति बढ़ाते नहीं नजर आ रही है, जिससे यह मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है।
November 25, 10:31
साउथ अफ्रीका के 3 विकेट धड़ाम
गुवाहाटी में भारतीय स्पिनर्स का जादू चल रहा है। रवींद्र जडेजा ने एडन मारक्रम (29) को क्लीन बोल्ड किया। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने टेम्बा बावुमा (3) को चलता कर दिया है। साउथ अफ्रीका का स्कोर 77/3 हो गया है।
https://twitter.com/StarSportsIndia/status/1993182582142541864
November 25, 09:45
जडेजा ने दिलाई पहली सफलता
रवींद्र जडेजा ने टीम इंडिया को पहली सफलता दिला दी है। उन्होंने अपने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर रायन रिकलटन (35) को पवेलियन भेजा। रिकलटन आगे निकलकर मिड ऑफ के ऊपर से खेलना चाहते थे लेकिन गेंद उनके बल्ले पर सही से आई नहीं और कवर पर खड़े मोहम्मद सिराज के हाथों में चली गई। 59 रन के स्कोर पर साउथ अफ्रीका की ओपनिंग जोड़ी टूट गई है। अब ट्रिस्टन स्टब्स बैटिंग करने आए हैं।
https://twitter.com/BCCI/status/1993172667500052564
November 25, 09:35
सिराज के डायरेक्ट थ्रो पर बचे रिकलटन
16वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर की आखिरी गेंद को मिड ऑन की ओर खेलकर रायन रिकलटन ने तेजी से रन चुराने का प्रयास किया। वहां खड़े मोहम्मद सिराज ने गेंद को फील्ड कर नॉन स्ट्राइक छोर के स्टंप्स बिखेर दिए। मामला काफी करीबी था। हालांकि रिकटलन समय पर पहुंचने में कामयाब रहे। साउथ अफ्रीका का स्कोर 50 के पार पहुंच गया है। भारतीय टीम पहले विकेट की तलाश में है।
November 25, 09:28
बुमराह के एंड से सिराज आए
जसप्रीत बुमराह के एंड से मोहम्मद सिराज को लगाया गया है। साउथ अफ्रीका का स्कोर 44/0 है।
November 25, 09:20
भारत ने एक छोर से स्पिनर लगाया
मोहम्मद सिराज को अटैक से हटाकर भारत ने एक छोर से स्पिनर लगा दिया है। जसप्रीत बुमराह के साथ वॉशिंगटन सुंदर डाल रहे हैं। सिराज को कप्तान ऋषभ पंत ने 1 ओवर ही बॉलिंग दी।
November 25, 09:05
कब टूटेगी ओपनिंग जोड़ी?
गुवाहाटी में खेल शुरू हो गया है। साउथ अफ्रीकी ओपनर्स एडन मारक्रम और रायन रिकलटन पारी आगे बढ़ा रहे हैं। गेंदबाजी आक्रमण पर जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज हैं। भारतीय टीम जल्द-जल्द से ओपनिंग जोड़ी तोड़ने के फिराक में है।
November 25, 08:52
कुछ ही देर में शुरू होगा चौथे दिन का खेल
गुवाहाटी में अब से कुछ ही मिनटों में चौथे दिन का खेल शुरू होने वाला है। साउथ अफ्रीकी टीम अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 26 रन बना चुकी है। प्रोटियाज टीम की बढ़त 314 रन पहुंच गई है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap


