logo

ट्रेंडिंग:

मुल्लांपुर में भारतीय धुरंधर ढेर, साउथ अफ्रीका ने 51 रन से जीता दूसरा टी20

दूसरे टी20 मैच में साउथ अफ्रीका ने 213 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसका पीछा करते हुए भारतीय टीम 162 रन पर ऑलआउट हो गई। प्रोटियाज टीम की जीत के हीरो क्विंटन डीकॉक और ऑटनील बार्टमैन रहे।

Tilak Varma India vs South Africa T20

मुल्लांपुर में शॉट खेलते तिलक वर्मा, Photo Credit: PTI

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार (11 दिसंबर) को मुल्लांपुर में खेला गया। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 51 रन से हराकर सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर प्रोटियाज टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 213 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में भारतीय टीम 162 पर ही सिमट गई। मेजबान टीम की ओर से सिर्फ तिलक वर्मा ही कुछ फाइट दे पाए। तिलक ने 34 गेंद में 62 रन बनाए।

 

बड़े रन चेज में शुभमन गिल, कप्तान सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या जैसे बल्लेबाज पूरी तरह से फ्लॉप रहे, जिससे भारतीय टीम को करारी हार झेलनी पड़ी। 46 गेंद में 90 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलने वाले क्विंटन डीकॉक को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

भारत बनाम साउथ अफ्रीका, लाइव अपडेट:-

Live Updates

2025-12-11T22:45

162 पर सिमट गई टीम इंडिया

साउथ अफ्रीका के 213 रन के जवाब में भारतीय टीम 162 पर ऑलाउट हो गई है। ऑटनील बार्टमैन ने 19वें ओर में 3 विकेट लिए और फिर आखिरी ओवर की पहली गेंद पर लुंगि एनगिडी ने तिलक वर्मा (62) का विकेट लेकर साउथ अफ्रीका को 51 रन से बड़ी जीत दिला दी है। 5 मैचों की टी20 सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ गई है।

2025-12-11T22:34

साउथ अफ्रीका जीत के करीब

भारतीय टीम 18 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 158 रन ही बना पाई है। उसे जीत के लिए आखिरी दो ओवर में 56 रन बनाने हैं, जो मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है। साउथ अफ्रीकी टीम जीत के करीब है।

2025-12-11T22:15

हार्दिक पंड्या का संघर्ष समाप्त

हार्दिक पंड्या का संघर्ष समाप्त हो गया है। लुथो सिमाप्ला की लेंथ गेंद को वह सीधे डीप मिडविकेट के हाथों में खेल बैठे। पिछले मैच में ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेलने वाले हार्दिक 23 गेंद खेलकर 20 रन ही बना सके। 118 के स्कोर पर भारत को पांचवां झटका लगा है। जितेश शर्मा बैटिंग करने आए हैं।

2025-12-11T22:11

तिलक वर्मा ने जड़ा अर्धशतक

तिलक वर्मा ने 14वें ओर में लुंगि एनगिडी की गेंद पर छक्का जड़कर 27 गेंद में अर्धशतक ठोक दिया है। भारत को जीत के लिए 39 गेंद में 102 रन बनाने हैं।

2025-12-11T22:05

जरूरी रन रेट 15 पहुंचा

हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा बड़े शॉट का प्रयास तो कर रहे हैं लेकिन बाउंड्री आसानी से नहीं आ रहे। 12 ओवर के बाद भारत का स्कोर 94/4 है। टीम इंडिया को जीत के लिए आखिरी 8 ओवर में 120 रन की जरूरत है।

2025-12-11T21:42

भारत के 4 विकेट धड़ाम

पावरप्ले के अंदर कप्तान सूर्यकुमार यादव (5) के आउट होने के बाद अक्षर पटेल और तिलक वर्मा भारत की पारी को संभालने में जुटे हुए थे लेकिन ऑटनली बार्टमैन ने इस जोड़ी को तोड़ दिया है। अक्षर (21) को बार्टमैन ने अपना शिकार बनाया। रीजा हेंड्रिक्स ने बेहतरीन लो-कैच लपका। भारत का स्कोर 67/4 हो गया है। हार्दिक पंड्या क्रीज पर उतरे हैं। हार्दिक और तिलक को न सिर्फ पारी को संभालने की जरूरत है, बल्कि तेजी से भी रन बनाने हैं, जो बेहद मुश्किल काम है।

2025-12-11T21:14

भारत के दोनों ओपनर पवेलियन वापस

शुभमन गिल के बाद अभिषेक शर्मा (17) भी आउट हो गए हैं। 2 ओवर में दोनों भारतीय ओपनर पवेलियन लौट गए हैं। अभिषेक का विकेट मार्को यानसन ने लिया।

2025-12-11T21:07

शुभमन गिल डक पर OUT

शुभमन गिल जीरो पर आउट हो गए हैं। लुंगी एनगिडी ने उन्हें स्लिप में लपकवाया। अक्षर पटेल को नंबर-3 पर भेजा गया है।

2025-12-11T20:51

भारत को मिला 214 रन का विशाल टारगेट

साउथ अफ्रीका ने मुल्लांपुर में 4 विकेट के नुकसान पर 213 रन का स्कोर खड़ा कर लिया है। डेविड मिलर और डोनोवन फरेरा ने आखिरी 3 ओवर में धुआंधार बैटिंग करते हुए 49 रन बटोरे। फरेरा 16 गेंद में एक चौका और 3 छक्के उड़ाते हुए 30 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं मिलर ने 12 गेंद में नाबाद 20 रन बनाए।

इससे पहले क्विंटन डीकॉक ने 46 गेंद में 5 चौके और 7 छक्कों की मदद से 90 रन की नायाब पारी खेली। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती सबसे सफल गेंदबाज रहे। चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 54, जबकि जसप्रीत बुमराह ने 45 रन लुटाए।

2025-12-11T20:33

SA को 200 नीचे रोक पाएगा भारत?

वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो ओवर में दो विकेट लेकर टीम इंडिया का मिनी करवा दिया है। 17 ओवर की समाप्ति पर साउथ अफ्राका का स्कोर 164/4 है। क्या भारतीय टीम उसे 200 के नीचे रोक पाएगी? डेविड मिलर और डोनोवन फरेरा क्रीज पर हैं।

2025-12-11T20:09

चक्रवर्ती ने झटका दूसरा विकेट

वरुण चक्रवर्ती ने लगातार दो छक्के खाने के बाद एडन मारक्रम का विकेट झटक लिया है। उन्होंने 12वें ओवर में मारक्रम को डीप मिडविकेट पर लपकवाया। 121 के स्कोर पर साउथ अफ्रीका का दूसरा विकेट गिरा है। 36 गेंद में 71 रन बनाकर खेल रहे क्विंटन डीकॉक का साथ देने डेवाल्ड ब्रेविस आए हैं।

2025-12-11T19:49

डीकॉक की आतिशी फिफ्टी

क्विंटन डीकॉक ने 26 गेंद में अर्धशतक ठोक दिया है। 10 ओवर की समाप्ति पर साउथ अफ्रीका का स्कोर 90/1 है। डीकॉक 31 गेंद में 62 रन बनाकर खेल रहे हैं। एडन मारक्रम 19 गेंद में 14 पर हैं।

2025-12-11T19:23

वरुण चक्रवर्ती ने झटका विकेट

साउथ अफ्रीका ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए पहले 4 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 38 रन बना लिए थे। इसके बाद पहले बदलाव के तौर पर आए वरुण चक्रवर्ती ने पहली ही गेंद पर रीजा हेंड्रिक्स (8) को क्लीन बोल्ड कर दिया है। अब कप्तान एडन मारक्रम बैटिंग करने आए हैं।

2025-12-11T19:11

डीकॉक ने साउथ अफ्रीका को दिलाई अच्छी शुरुआत

कटक में खाता खोलने में नाकाम रहे क्विंटन डीकॉक मुल्लांपुर में 13 गेंद में 20 रन बना चुके हैं। उनकी धमाकेदार बल्लेबाजी की बदौलत ही टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम 3 ओवर में 22 रन तक पहुंच गई है। दूसरे छोर पर रीजा हेंड्रिक्स 5 गेंद में 1 रन बनाकर खेल रहे हैं।

2025-12-11T18:35

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI

भारत - अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह

साउथ अफ्रीका - रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), एडन मारक्रम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवन फरेरा, जॉर्ज लिंडे, मार्को यानसन, लुथो सिपाम्ला, ऑटनील बार्टमैन, लुंगी एनगिडी

2025-12-11T18:32

भारत ने जीता टॉस

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीत लिया है। मुल्लांपुर में भारतीय टीम पहले गेंदबाजी करेगी। सूर्या ने कहा कि टीम में कोई बदलाव नहीं है।

2025-12-11T18:28

हर्षित राणा को मिलेगा मौका?

भारतीय टीम कटक में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह के साथ उतरी थी। आज अगर वह टॉस हारती है और पहले बैटिंग आ जाती है तो वह हर्षित राणा को प्लेइंग-XI में शामिल करना चाहेगी, क्योंकि स्पिनरों के लिए मुश्किलें आएंगी।

2025-12-11T18:10

मुल्लांपुर में टॉस का रहेगा फैक्टर?

मुल्लांपुर में बहुत ओस पड़ने वाली है। ऐसे में कोई भी टीम टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना चाहेगी। हालांकि IPL में यहां पहले बैटिंग करने वाली टीम का जीत-हार रिकॉर्ड 6-5 का है। देखना होगा कि आज टॉस जीतने वाली टीम क्या फैसला लेती है।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap