भारत और वेस्टइंडीज के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जारी है। आज (3 अक्टूबर) मुकाबले का दूसरा दिन है। भारतीय टीम कल के अपने स्कोर (121/2) को आगे बढ़ा रही है। लंच ब्रेक तक भारत ने 3 विकेट के नुकसान पर 218 रन बना लिए हैं। केएल राहुल शतक जड़कर खेल रहे हैं। उनके साथ ध्रुव जुरेल क्रीज पर हैं। शुभमन गिल 50 रन बनाकर आउट हुए।
वेस्टइंडीज की टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 162 रन पर ढेर हो गई थी। टीम इंडिया 56 रन की बढ़त हासिल कर चुकी है। पढ़िए अहमदाबाद से पल-पल का अपडेट।
भारत बनाम वेस्टइंडीज पहला टेस्ट, लाइव अपडेट:
October 03, 12:15
राहुल पवेलियन लौटे
केएल राहुल लंच के बाद पहले ही ओवर में आउट हो गए हैं। उन्होंने कवर पर आसान कैच थमा दी। 218 रन पर भारत को चौथा झटका लगा।
October 03, 11:35
अहमदाबाद में लंच ब्रेक तक भारत की बढ़त 50 के पार
अहमदाबाद टेस्ट में दूसरे दिन लंच ब्रेक का समय हो गया है। भारत का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 218 रन है। केएल राहुल 100 और ध्रुव जुरेल 14 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत के पास 56 रन की बढ़त है।
October 03, 11:26
केएल राहुल ने जड़ा शतक
केएल राहुल ने सिंगल के साथ 190 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। टेस्ट क्रिकेट में उनकी यह 11वीं सेंचुरी है। वह घर पर उन्होंने दूसरा शतक लगाया है। घरेलू टेस्ट में उनका पिछला सैकड़ा 9 साल पहले आया था।
October 03, 10:56
शुभमन गिल आउट
शुभमन गिल फिफ्टी जड़ने के बाद आउट हो गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज की गेंद पर रिवर्स स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवाया। अब ध्रुव जुरेल बैटिंग करने आए हैं।
October 03, 10:52
शुभमन गिल ने जड़ा अर्धशतक
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अर्धशतक जड़ दिया है। अहमदाबाद उनका पसंदीदा मैदान है और यहां एक बार फिर इस 25 साल के खिलाड़ी का बल्ला चला है। शुभमन आज अपनी पारी को 18 रन से आगे बढ़ाने उतरे थे और उन्होंने पहले सेशन में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। भारत का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 188 रन है। टीम इंडिया 26 रन की बढ़त हासिल कर चुकी है।
October 03, 10:25
भारत ने बढ़त बनाई
शुभमन गिल ने 50वें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़कर भारत के स्कोर को वेस्टइंडीज के पार पहुंचा दिया है। यानी टीम इंडिया ने अब बढ़त हासिल कर ली है।
October 03, 10:07
राहुल और गिल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी
केएल राहुल और शुभमन गिल ने आज सुबह सहजता से भारतीय पारी को आगे बढ़ाते हुए स्कोर 150 के करीब पहुंचा दिया है। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।