logo

ट्रेंडिंग:

PKL 11: रोमांचक मैच में बंगाल वॉरियर्स ने यूपी योद्धा को टाई पर रोका

प्रो कबड्डी लीग में गुरुवार को बंगाल वॉरियर्स और यूपी योद्धा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। आखिरी मिनट में मैच टाई हुआ।

UP Yoddhas vs Bengal Warriors PKL 11

बंगाल वॉरियर्स बनाम यूपी योद्धा। (फोटो - PKL)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

देरी से सब्स्टिट्यूट के तौर पर लाए गए विश्वास (5) के कमाल से बंगाल वॉरियर्स ने प्रो कबड्डी लीग (PKL) के 108वें मैच में यूपी योद्धा को 31-31 की बराबरी पर रोक दिया। जिस समय विश्वास मैट पर लाए गए, उस वक्त मैच में बंगाल की टीम पीछे चल रही थे। उन्होंने एक के बाद एक 5 अंक लेकर बंगाल को न सिर्फ हार से बचाया बल्कि मुकाबले से तीन अंक भी दिला दिए। इस टाई ने यूपी को चौथे स्थान पर पहुंचाया। अगर वे जीतते तो तीसरे स्थान पर पहुंच सकते थे। बंगाल को टाई से एक स्थान का फायदा हुआ।


गुरुवार, 12 दिसंबर को पुणे के बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेले गए इस मैच में भवानी ने सुपर रेड के साथ यूपी को 4-1 से आगे कर दिया था। इसके बाद सिद्धेश ने मनिंदर को टैकल कर बंगाल के लिए सुपर टैकल ऑन कर दिया। फिर सिद्धेश ने भवानी को सुपर टैकल कर स्कोर 3-5 कर दिया। प्रणय ने मल्टी प्वाइंटर के साथ स्कोर बराबरी पर ला दी। फिर गगन ने सुपर रेड के साथ स्कोर 8-5 कर दिया। 

 

 

10 मिनट के खेल के बाद यूपी की टीम 2 अंक के फासले से आगे थी। ब्रेक के बाद दोनों टीमों को डू और डाई रेड पर अंक मिले। मनिंदर ने आशु का शिकार कर स्कोर 10-11 कर दिया। हालांकि अगली ही रेड पर उनका शिकार कर लिया गया। बंगाल की टीम यूपी को बड़ी लीड नहीं लेने दे रहा थी। यही कारण था कि सिलसिलेवार डू और डाई रेड्स के बावजूद 17वें मिनट तक यूपी के पास 13-12 की बढ़त थी, जो 20 मिनट के बाद 15-13 हो गई। हाफटाइम के बाद बंगाल ने फासला 1 का कर दिया। चार के डिफेंस में मनिंदर का शिकार कर यूपी ने फिर 2 अंक की लीड ले ली।

 

इसके बाद बंगाल ने लगातार दो अंक लेकर स्कोर बराबर कर यूपी के लिए सुपर टैकल ऑन कर दिया। फिर नितेश ने भरत को लपक न सिर्फ हाई-5 पूरा किया बल्कि बंगाल को लीड भी दिला दी लेकिन हितेश ने मनिंदर को सुपर टैकल कर यूपी को फिर से आगे कर दिया। साथ ही उन्होंने हाई-5 भी पूरा किया।

 

प्रणय ने लगाया सुपर-10

 

इसके बाद प्रणय ने मल्टी प्वाइंटर के साथ स्कोर 19-19 की बराबरी पर ला दिया, साथ ही यूपी को ऑलआउट की ओर धकेला। बंगाल ने इस ऑलआउट को अंजाम देकर 30 मिनट की समाप्ति तक 23-21 की लीड ले ली। इसके बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। फिर गगन ने चार अंक की सुपर डुपर रेड के साथ यूपी को 25-23 से आगे कर दिया।

 

इस बीच प्रणय ने सुपर-10 पूरा किया। यूपी ने 1 के मुकाबले 2 अंक लेकर फासला फिर से तीन का कर लिया। बंगाल के लिए सुपर टैकल ऑन था। भवानी ने डू और डाई रेड पर प्रणय का शिकार कर बंगाल को ऑलआउट की ओर धकेला। तीन मिनट बचे थे और यूपी 28-25 से आगे था। फजल ने भवानी को डैश कर सुपर टैकल कर दो अंक दिलाए लेकिन खुद भी आउट हो गए। अब स्कोर 27-29 था। विश्वास ने इसे तुरंत 28-29 कर दिया। इसके बाद यूपी को एक अंक मिला मगर विश्वास ने मल्टी प्वाइंटर के साथ स्कोर 30-30 कर दिया। विश्वास ने इसके बाद बोनस लेकर बंगाल को एक अंक से आगे कर दिया। 

 

इस बीच भवानी के खिलाफ नीतेश ने गलती कर दी। स्कोर 31-31 हो गया और इसी के साथ दोनों टीमें सीजन का 11वां टाई खेलने को मजबूर हुईं। यह इस सीजन में दोनों टीमों का तीसरा टाई है। बंगाल के लिए प्रणय राणे ने 10 जबकि नितेश ने 5 अंक जुटाए। यूपी की ओर से गगन गौड़ा ने एक बार फिर सुपर-10 लगाया।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap