logo

मूड

ट्रेंडिंग:

सेमीफाइनल में पहुंची यूपी योद्धा, हरियाणा स्टीलर्स से लेगी टक्कर

PKL 11 के पहले एलिमिनेटर में यूपी योद्धा ने जयपुर पिंक पैंथर्स को एकतरफा अंदाज में रौंद दिया। अब सेमीफाइनल में यूपी योद्धा की टक्कर हरियाणा स्टीलर्स से होगी।

UP Yoddhas vs Jaipur Pink Panthers

यूपी योद्धा बनाम जयपुर पिंक पैंथर्स। (फोटो - PKL)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

यूपी योद्धा ने प्रो कबड्डी लीग (PKL) के 11वें सीजन के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार (26 दिसंबर को) खेले गए पहले एलिमिनेटर में यूपी योद्धा ने जयपुर पिंक पैंथर्स को एकतरफा अंदाज में 46-18 से रौंद दिया। अब पहले सेमीफाइनल में उसका सामना हरियाणा स्टीलर्स से होगा। 

 

लगातार 10 मैचों से अजेय यूपी योद्धा की जीत में भवानी राजपूत (12), गगन गौड़ा (5), हितेश (6), महेंद्र (4) और सुमित (5) का अमह योगदान रहा। जयपुर की ओर से रेजा मीरबघेरी (5) के अलावा कोई खिलाड़ी नहीं चल सका। यूपी ने रेड में 12 के मुकाबले 18 और डिफेंस में 5 के मुकाबले 18 अंक हासिल कर जयपुर को बुरी तरह से हराया।

 

 

यूपी योद्धा के सामने नहीं टिक पाई जयपुर पिंक पैंथर्स

 

शानदार रेडिंग कर रहे भवानी और डिफेंस में मुस्तैद आशु, भरत और हितेश के दम पर यूपी योद्धा ने सात मिनट में ही जयपुर को ऑलआउट कर 9-3 की लीड ले ली। शुरुआती 10 मिनट में यूपी के डिफेंस ने अर्जुन को नहीं चलने दिया। वह साढ़े चार मिनट बाहर रहे और तीन में से दो रेड में लपके गए। दूसरी ओर भवानी ने 6 रेड से पांच अंक जुटाए। 

 

ब्रेक के बाद जयपुर ने रेड खाता खोल स्कोर 5-13 कर दिया। इसी बीच धरनीधरन ने लगातार दूसरा अंक ले लिया लेकिन गगन ने मल्टीप्वाइंटर के साथ फासला बढ़ा दिया। आज अंकुश भी नहीं चल रहे थे। भवानी ने अगली रेड पर उनका भी शिकार कर स्कोर 17-6 कर दिया। फिर यूपी के डिफेंस ने तीसरी बार अर्जुन का शिकार कर जयपुर की मुश्किलें बढ़ा दी।

इसके बाद सुपर टैकल सिचुएशन में भवानी ने एक और शिकार किया और फिर यूपी ने दूसरा ऑलआउट लेते हुए 22-7 की लीड ले ली। 

 

हाफटाइम के बाद जयपुर ने चार बदलाव किए। इस बीच सुरजीत ने गगन को डैश कर डिफेंस में जयपुर का खाता खोला। इसके बाद भवानी ने मल्टीप्वाइंटर के साथ स्कोर 26-9 कर दिया।

 

तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंची यूपी योद्धा

 

जल्द ही जयपुर के लिए सुपर टैकल ऑन हो गया था। डू और डाई रेड पर भवानी आए और जयपुर को ऑलआउट की कगार पर ला दिया और फिर यूपी ने इसे अंजाम देकर 32-10 की लीड ले ली। इसी बीच भवानी ने सुपर-10 पूरा किया। ऑलइन के कुछ मिनट अंदर ही यूपी ने फिर से जयपुर के लिए सुपर टैकल ऑन कर दिया। अब 10 मिनट बचे थे और यूपी 37-11 से आगे थी।

 

ब्रेक के बाद रेजा ने भवानी को सुपर टैकल कर जयपुर को दो अंक दिलाए। इस बीच रेजा के खिलाफ फाउल पर आशु को दो मिनट के लिए बाहर किया गया। यूपी ने चौथा ऑलआउट लेकर 42-13 की बढ़त बना ली। अंतिम मिनट में जयपुर ने यूपी को सुपर टैकल सिचुएशन में डाला लेकिन यूपी ने इसके भी दो अंक उठाकर पीकेएल के इतिहास में तीसरी बार सेमीफाइनल में जगह बना ली।


और पढ़ें