logo

ट्रेंडिंग:

कैरम बॉल के मास्टर कैसे बने थे अश्विन?

आर अश्विन ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। 38 साल के इस दिग्गज ऑफ स्पिनर ने टीम इंडिया के लिए 765 विकेट लिए। उनके तरकश में कई तीर थे, जिसमें से एक 'कैरम बॉल' था। जानिए इस गेंद पर अश्विन ने कैसे महारत हासिल की थी।

R Ashwin

आर अश्विन। (फोटो - BCCI/X)

भारतीय टीम के दिग्गज ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने बुधवार को इंटनरेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया। अब वह दोबारा टीम इंडिया की जर्सी में नहीं नजर आएंगे। 765 विकेट के साथ अश्विन इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा टेस्ट खत्म होने के बाद वह रोहित शर्मा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे और कहा, 'आज इंटरनेशनल क्रिकेटर के तौर पर मेरा अंतिम दिन था। मैं क्लब क्रिकेट खेलता रहूंगा।' अश्विन के रिटायरमेंट के बाद उनकी उपलब्धियों के साथ-साथ कैरम बॉल की भी खूब चर्चा है। इस गेंद पर महारत हासिल करने के लिए अश्विन को 3-4 साल लगे थे।

 

दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को छकाया

 

श्रीलंका के मिस्ट्री स्पिनर अजंता मेंडिस को देखकर अश्विन ने कैरम बॉल सीखी थी। अश्विन बताते हैं कि चेन्नई में एज-ग्रुप कैंप में उन्होंने मेंडिस को यह गेंद फेंकते देखा था। 2006-07 में उन्होंने इस पर महारत हासिल करने के लिए प्रैक्टिस शुरू की। अश्विन ने इसी साल अगस्त में न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया था कि दो साल की कड़ी मेहनत के बाद 2008 विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने पहली बार कैरम बॉल डाला था। 2010 तक उन्होंने इस पर मास्ट्री हासिल कर ली। इसके बाद उनके तरकश में एक और तीर जुड़ गया। अश्विन की कैरम बॉल को पढ़ने में दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाज चकमा खा जाते थे। 

 

'टी20 बॉल ऑफ द सेंचुरी'

 

2014 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अश्विन ने साउथ अफ्रीका के हाशिम अमला को कैरम बॉल पर क्लीन बोल्ड किया था। इसे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने टी20 बॉल ऑफ द सेंचुरी करार दिया था। उस मैच में अफ्रीकी टीम की बल्लेबाजी के दौरान पावरप्ले के आखिरी ओवर में अश्विन राउंड द विकेट आए और कैरम बॉल फेंकी, जो लेग स्टंप के बाहर पिच होकर अमला को गच्चा देते हुए ऑफ से जा टकराई। आउट होने के बाद अमला को कुछ देर के लिए समझ ही नहीं आया कि उनके साथ क्या हुआ।

 

अश्विन ने कैरम बॉल का इस्तेमाल ज्यादातर व्हाइट बॉल क्रिकेट में किया। हालांकि टेस्ट में भी उन्हें इस पर सफलता मिली। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट में अश्विन ने कैरम बॉल पर न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स को क्लीन बोल्ड किया था। 

 

क्या है कैरम बॉल?

 

अक्सर स्पिनर्स कैरम बॉल का ग्रिप अंगूठे, तर्जनी और मध्यमा उंगली के बीच रखते हैं। जब डिलिवर करने वाले होते हैं तो वह गेंद को अंगूठे और मुंड़ी हुई मध्यमा उंगली से फ्लिक करते हैं, जिससे गेंद उलटी दिशा में घूमती है। एक ऑफ स्पिनर की कैरम बॉल दाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए बाहर की ओर निकलती है।

Related Topic:#Ravichandran Ashwin

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap