ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले श्रीलंका को घरेलू टी20 सीरीज में इंग्लैंड के हाथों क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। 3 मैचों की टी20 सीरीज के किसी मैच में भी श्रीलंकाई टीम जीत के करीब नहीं आ पाई। लगा कि टी20 वर्ल्ड कप में भी उनका यही हाल होगा। मगर यह मेगा इवेंट आते ही श्रीलंकाई शेर दहाड़ने लगे हैं। टूर्नामेंट की सह मेजबान श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रन से हराकर अपने अभियान को जोरदार आगाज किया। अब दसुन शनाका ब्रिगेड ने ओमान को 105 रन से पीट दिया है।
पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी के न्योता मिलने पर श्रीलंका ने 5 विकेट के नुकसान पर 225 रन का स्कोर खड़ा किया। कुसल मेंडिस, पवन रत्नायके और कप्तान शनाका ने अर्धशतकीय पारियां खेली। मेंडिस ने 45 गेंद में 61, जबकि रत्नायके ने 28 गेंद में 60 रन बनाए। वहीं शनाका ने 20 गेंद में 50 रन कूट दिए। इसके बाद नामुमकिन सा दिख रहे टारगेट का पीछा करते हुए ओमान की टीम 20 ओवर खेलकर 120 रन ही बना पाई।
यह भी पढ़ें: भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले क्यों नाराज हुआ नामीबिया? ICC के फैसले पर उठे सवाल
चमीरा-थीक्षना को 2-2 विकेट
श्रीलंकाई टीम की नजरें इस मुकाबले में बड़ी जीत पर थी, जिससे नेट रन रेट को और बेहतर किया जा सके। दुष्मंता चमीरा और महीश थीक्षना ने उसे ऐसी ही शुरुआत दिलाई। चमीरा-थीक्षना ने 2-2 विकेट लिए और ओमान का स्कोर 78/4 कर दिया। मोहम्मद नदीम ने 56 गेंद में नाबाद 53 रन बनाए लेकिन उनका मकसद पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी करना था। ओमान की ओर से सिर्फ वसीम अली ही कुछ इंटेंट दिखा पाए, जिन्होंने 20 गेंद में 3 छक्कों की मदद से 27 रन बनाए।
युवा श्रीलंकाई स्पिनर दुनिथ वेल्लालगे ने 4 ओवर में 17 रन देकर 1 विकेट लिए। कामिंदु मेंडिस ने 7 गेंद में 19 रन ठोकने के बाद गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 1 विकेट अपनी झोली में डाला। श्रीलंका की इकलौती चिंता दुशान हेमंता की गेंदबाजी रही। वनिंदु हसरंगा के चोटिल के बाद टीम में बुलाए गए हेमंता ने 4 ओवर में 45 रन लुटा दिए।
यह भी पढ़ें: कोलंबो की पिच पर भारत से क्यों मजबूत नजर आ रहा है पाकिस्तान?
सुपर-8 से एक जीत दूर श्रीलंका
श्रीलंकाई टीम लगातार दूसरी जीत के साथ ग्रुप-B में टॉप पर पहुंच गई है। उसे सुपर-8 में पहुंचने के लिए अब सिर्फ एक जीत की जरूरत है। श्रीलंका का अगला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से पल्लेकेले में ही है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले लाहौर में पाकिस्तान की स्पिन गेंदबाजी के सामने संघर्ष किया था। ऐसे में श्रीलंकाई टीम पल्लेकेले में जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। उसका आखिरी ग्रुप मुकाबला 19 फरवरी को जिम्बाब्वे से है। श्रीलंका ने 2014 में चैंपियन बनने के बाद से किसी टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। इस बार उसके पास यह सूखा खत्म करने का सुनहरा मौका है।