संजय सिंह, पटना। पूर्णियां के सांसद पप्पू यादव विवादों से पुराना नाता रहा है। पप्पू यादव और आनंद मोहन की दुश्मनी से बिहार की जनता वाकिफ है। आनंद मोहन इन दिनों शांत पड़े हुए हैं, लेकिन कोई न कोई घटना को लेकर पप्पू यादव सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही के पटना के पारस अस्पताल में कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा की हत्या के बाद फिर से पप्पू सुर्खियों में आ गए हैं। पप्पू यादव ने शनिवार को कहा कि चंदन मिश्रा के प्रतिद्वंद्वी शेरू ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।
मालूम हो कि कुछ महीने पहले ही सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया में एक पत्रकार सम्मेलन करके बताया था कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्यों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। पप्पू ने लॉरेंस के खिलाफ कुछ टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। इस घटना को लेकर उस समय राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश भी की गई थी। इस मामले में एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। तकनीकी अनुसंधान के द्वारा पकड़े गए युवक से जब पूछताछ की गई तो वह मानसिक रुप से कमजोर पाया गया।
यह भी पढ़ें: ओडिशा: पुरी में 3 युवकों ने 15 साल की युवती को लगाई आग, एम्स में भर्ती
राहुल गांधी के वाहन पर चढ़ने को लेकर हुआ था विवाद
पप्पू यादव ने लॉरेंस बिश्नोई के नाम से जो माहौल बनाया था वह ठंडा पड़ गया। इस बीच पटना में मतदाता पुनरीक्षण के विरोध में बिहार बंद का आयोजन किया गया था। बंद के दौरान राहुल गांधी के वाहन पर कांग्रेस नेता कन्हैया और सांसद पप्पू यादव ने चढ़ने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें वाहन पर चढ़ने से रोक दिया। इस घटना को लेकर पप्पू यादव फिर सुर्खियों में आ गए। उन्होंने इस घटना को लेकर सफाई भी दी, लेकिन तब तक बात दूर तलक फैल गई थी।
यह भी पढ़ें: चंदन हत्याकांड: कोलकाता में पकड़े गए 5 आरोपी, हत्या के बाद हुए थे फरार
कानून का सम्मान करते हैं- पप्पू
अब नया विवाद चंदन मिश्रा हत्याकांड को लेकर पैदा हो गया है। पप्पू यादव ने कहा कि अब चंदन का प्रतिद्वंद्वी शेरू ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वे सिर्फ कानून का सम्मान करते हैं। नहीं तो अपराधियों के साम्राज्य को समाप्त करने में उन्हें कोई वक्त नहीं लगेगा। अब उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी इस बात का मजाक उड़ा रहे हैं कि आखिरकार अपराधियों के साम्राज्य को समाप्त करने के लिए उन्हें किसने रोका है।
कौन है शेरू सिंह?
शेरू सिंह बिहार के बक्सर जिले के सिमरी गांव का रहने वाला है। शेरू का असली नाम ओंकार नाथ सिंह है। शेरू की दोस्ती चंदन मिश्रा के साथ थी। चंदन मिश्रा सिमरी के बगल के गांव सोनबरसा का रहने वाला था। दोनों का शौक क्रिकेट रहा। क्रिकेट खेलने के दौरान ही दोनों की दोस्ती हुई थी। साल 2009 में क्रिकेट खेलते के दौरान अनिल सिंह नाम के एक शख्स से दोनों का विवाद हो गया। बात में अनिस सिंह की हत्या हो गई, अनिल की हत्या का आरोप शेरू और चंदन के ऊपर लगा था। हालांकि, नाबालिग होने के चलते शैरू-चंदन को बाल सुधार गृह भेज दिया गया था।