प्यार में जुनून और बदले की आग किस कदर खौफनाक हो सकती है, इसकी एक रोंगटे खड़े कर देने वाली मिसाल बेंगलुरु के अंजनापुरा में देखने को मिली है। यहां एक 27 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी को सरप्राइज प्रपोजल देने के बहाने घर बुलाया और उसे कुर्सी से बांधकर जिंदा जला दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान किरण (27) के रूप में हुई है, जो आरोपी प्रेरणा के साथ ही एक टेलीकॉम कंपनी में काम करता था।
पुलिस के मुताबिक, किरण और प्रेरणा पिछले 1 साल से रिलेशनशिप में थे लेकिन हाल ही में उनके रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी। प्रेरणा इस बात से बेहद नाराज थी कि किरण उसे नजरअंदाज कर रहा था और बार-बार कहने के बावजूद शादी के लिए तैयार नहीं था। इसी नाराजगी और बदले की भावना में उसने किरण को रास्ते से हटाने की साजिश रची और मंगलवार सुबह जब घर पर कोई नहीं था, तो उसे मिलने के बहाने बुला लिया।
यह भी पढ़ें: 24 महिला स्टाफ ने एक पुरुष टीचर पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, बड़ी चेतावनी भी दी
वारदात वाले दिन सुबह करीब 10 बजे जब किरण घर पहुंचा तो प्रेरणा ने उसे बातों में उलझा लिया। कुछ देर बाद उसने किरण से कहा कि वह उसे एक अनोखे विदेशी स्टाइल में प्रपोज करना चाहती है। इसके लिए उसने किरण की आंखों पर पट्टी बांधी और उसके हाथ-पैरों को रस्सी से कुर्सी के साथ मजबूती से जकड़ दिया। किरण को लगा कि शायद उसे कोई प्यारा सरप्राइज मिलने वाला है, इसलिए उसने बिना किसी विरोध के खुद को बंधने दिया।
जिंदा जलता रहा प्रेमी, वीडियो बनाती रही प्रेमिका
किरण जैसे ही बेबस हुआ, प्रेरणा ने अपना असली और क्रूर चेहरा दिखाया। उसने पहले से तैयार पेट्रोल किरण पर उड़ेला और उसे आग के हवाले कर दिया। हाथ-पैर बंधे होने के कारण किरण खुद को बचा नहीं सका और देखते ही देखते वह जिंदा जल गया। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि आरोपी प्रेरणा ने इस पूरी वारदात का अपने मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड किया। किरण के जलने के दौरान भी वह लगातार रिकॉर्डिंग करती रही, जो उसकी सनक और क्रूरता को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें: केरल में बड़ा धमाका; 8 की मौत, 5 के शव मिले, तीन के सिर्फ अंग
CCTV ने खोली पोल
वारदात को अंजाम देने के बाद प्रेरणा ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि जब वह बाथरूम में थी तब किरण ने खुद को आग लगा ली। हालांकि, पुलिस को उसकी बातों पर यकीन नहीं हुआ। घटनास्थल की जांच और CCTV फुटेज खंगालने पर पता चला कि किरण अपने साथ कोई ज्वलनशील पदार्थ नहीं लाया था। इसके बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो प्रेरणा का झूठ ज्यादा देर नहीं टिक सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।