logo

ट्रेंडिंग:

बिहार में पार्टियों के अंदर विरोध जारी, शिवानंद पर भड़के राबड़ी के मुंहबोले भाई

बिहार में पार्टियों के अंदर विरोध के स्वर मुखर हैं। आरजेडी में तो शिवानंद तिवारी ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधा है।

Rabri Devi

राबड़ी देवी, Photo Credit- Social Media

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

संजय सिंह, पटना: विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद भी राष्ट्रीय जनता दल का विवादों से नाता नहीं टूट पा रहा है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने फिर से एक्स पर पोस्ट कर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। इधर आरजेडी के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने तेजस्वी यादव की विदेश यात्रा को लेकर फेसबुक पर तंज भरा पोस्ट लिखा था। इसके जवाब में राबड़ी देवी के मुंह बोले भाई एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने बड़े ही तीखे अंदाज में शिवानंद तिवारी को जवाब दिया है। उधर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने लालू प्रसाद यादव की जब्त की गई संपत्ति पर स्कूल खोलने की बात कही है। रोहिणी के बयान के समर्थन में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी सहित कई नेता आ गए हैं। 


राबड़ी के मुंह बोले भाई एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने अपने फेसबुक पोस्ट में शिवानंद तिवारी को अवसरवादी नेता बताया है। उन्होंने लिखा है कि जब तक शिवानंद को बीजेपी या जेडीयू से किसी पद का आश्वासन नहीं मिल जाता है, तब तक उनका अनर्गल प्रलाप जारी रहेगा। राष्ट्रीय जनता दल में शिवानंद तिवारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे। लालू यादव ने जब तेजस्वी यादव के नेतृत्व में नई टीम का गठन किया तो तिवारी को जगह नहीं मिली। 2025 के चुनाव में पार्टी को करारी हार मिली। समीक्षा बैठक में शिवानंद को बोलने का मौका नहीं मिला। इस कारण वे सोशल मीडिया पर अनर्गल प्रलाप करने लगे। उन्होंने अपने दो पोस्ट में तेजस्वी के खिलाफ अनर्गल बातें लिखी है। चुनाव में हार जीत लगा रहता है। तिवारी अपने पोस्ट के माध्यम से तेजस्वी की छवि को खराब करना चाहते हैं।’ आरजेडी एमएलसी के इस पोस्ट के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ऐसा लगता है कि निकट भविष्य में आरजेडी का विवादों से पीछा छूटनेवाला नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: लियोनेल मेसी कोलकाता क्यों आए हैं? शेड्यूल से मैच तक, सब जानिए

रोहिणी को जेडीयू, बीजेपी का समर्थन

लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट जारी कर फिर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। उन्होंने लिखा है कि प्रत्येक बेटी को इस आश्वासन के साथ बड़े होने का अधिकार है कि उसका मायका एक ऐसा सुरक्षित स्थान है, जहां वह बिना किसी डर, अपराध बोध, शर्म या किसी को कोई स्पष्टीकरण दिए बिना लौट सकती है। उन्होंने पितृ सत्तात्मक मानसिकता सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन पर भी जोर दिया है। विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद ही रोहिणी ने गंभीर आरोप लगाकर लालू का सरकारी आवास छोड़ दिया था। 


उस समय भी रोहिणी ने एक मार्मिक पोस्ट एक्स हैंडल पर डाला था। अब नए पोस्ट के समर्थन में जेडीयू, बीजेपी और हम के नेता आ गए हैं। जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और मंत्री अशोक चौधरी का कहना है कि वर्तमान सरकार महिला सशक्तीकरण और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है। सरकार रोहिणी के सुझावों पर भी गंभीरता पूर्वक विचार करेगी। पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सह मंत्री दिलीप जायसवाल का कहना है कि सरकार महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर कटिबद्ध है। यह लालू परिवार का आंतरिक विवाद है। आपस में मिल बैठकर सुलझाना चाहिए। 

लालू की जब्त संपत्ति पर खुलेगा स्कूल

उपमुख्यमंत्री व गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि माफियागिरी और भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्ति को सरकार जब्त करेगी। इस कारवाई में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने एक न्यूज चैनल से बातचीत करते हुए कहा कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की संपत्ति भी जब्त की गई है। यह संपत्ति चारा घोटाला से संबंधित है। उस जब्त संपत्ति पर स्कूल खोला जाएगा। इस कारवाई से भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को सीख मिलेगी। कानून से ऊपर कोई नहीं है।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा में विवाद

बिहार से राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) में टूट का खतरा बढ़ गया है। यह विवाद कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाए जाने के बाद उत्पन्न हुआ है। पार्टी के विधायक रामेश्वर महतो ने एक फेसबुक पोस्ट लिखकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। उपेंद्र के पुत्र दीपक न तो विधानसभा और न ही विधान परिषद के सदस्य हैं। फिर भी उन्हें मंत्री बना दिया गया। कुशवाहा की पार्टी से चार लोग चुनाव जीते थे। चुनाव जीतनेवालों में उनकी पत्नी भी शामिल थीं। चुनाव जीते तीनों विधायकों को उम्मीद थी कि किसी एक को मंत्री बनाया जाएगा, पर ऐसा हुआ नहींं। 

 

महतो ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि राजनीति में सफलता केवल भाषणों से नहीं, बल्कि सच्ची नीयत और दृढ़नीति से मिलती है। जब नेतृत्व की नीयत धुंधली हो जाये और नीतियां जनहित से अधिक स्वार्थ की दिशा में मुड़ने लगे, तब जनता को ज्यादा दिनों तक भ्रमित नहीं रखा जा सकता है। आज का नागरिक जागरुक है। वह हर कदम, हर निर्णय और हर इरादे को बारीकी से परखता है।’

 

यह भी पढ़ें: 39 गेंदों पर 100 रन जड़ने वाले सलिल अरोड़ा कौन हैं? IPL 2026 Auction से पहले छाए

 

हालांकि, महतो ने अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिखा है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि उनका इशारा अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की ओर है। उनके इस पोस्ट से सियासी गलियारे में चर्चा जोर शोर से शुरु हो गया है।

Related Topic:#bihar news

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap