उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्ट्रीट रेसिंग का खतरनाक अंजाम सामने आया। तेज रफ्तार बाइक चला रहे 17 वर्षीय छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि छात्र अपने दोस्तों के साथ बाइक राइड और स्टंटबाजी कर रहा था, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और उसकी बाइक एक स्कूटी से टकरा गई।
मृतक की पहचान नैतिक कुमार के रूप में हुई है, जो 12वीं कक्षा का छात्र था। वह अपने दोस्तों के साथ रॉयल एनफील्ड कॉन्टिनेंटल GT 650 बाइक से 'जनेश्वर मिश्र पार्क' की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पार्क के गेट नंबर 5 के पास पहुंचा, सड़क पर किसी उभरे हुए हिस्से से उसकी बाइक उछल गई और कुछ ही सेकंड में उसका नियंत्रण पूरी तरह बिगड़ गया।
यह भी पढ़ें: 'हम नहीं, हमार बच्चा लड़ेगा चुनाव', नीतीश के लिए राजनीति छोड़ रहे अनंत सिंह
उछलकर डिवाइडर पर गिरा
नियंत्रण खोने के बाद नैतिक की बाइक आगे चल रही एक होंडा एक्टिवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नैतिक अपनी बाइक से उछलकर सड़क के डिवाइडर पर जा गिरा। गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसे काफी गंभीर चोट आई। हादसे के बाद एक्टिवा भी सड़क पर फिसलती हुई दाहिनी ओर चली गई और वहां से गुजर रही एक कावासाकी निंजा बाइक से टकरा गई। इससे कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि निंजा बाइक चला रहा युवक अपने बाइक के शीशे पर लगे 360 डिग्री एक्शन कैमरे को ठीक कर रहा था। इसी कैमरे में पूरा हादसा रिकॉर्ड हो गया। चश्मदीदों के मुताबिक उस समय बाइक की रफ्तार करीब 90 किलोमीटर प्रति घंटे थी। टक्कर के बाद निंजा बाइक भी डिवाइडर से टकराई, लेकिन उसका चालक किसी तरह बाइक पर संतुलन बनाए रखने में सफल रहा। वहीं निंजा के साथ चल रहा एक अन्य बाइक सवार भी एक्टिवा से टकराने के बाद सड़क पर गिर गया।
यह भी पढ़ें: अदाणी पावर प्लांट में झारखंड के मजदूरों ने फूंक दी 12 गाड़ियां, मगर क्यों?
अस्पताल पहुंचते ही मृत घोषित
हादसे के बाद नैतिक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय उसने कोई खास सेफ्टी गियर नहीं पहना था और केवल शर्ट, जींस और हेलमेट में बाइक चला रहा था। इस घटना में एक्टिवा सवार आदित्य श्रीवास्तव और एक अन्य बाइक सवार कृष्णा सिंह को मामूली चोटें आई हैं। नैतिक के पिता उत्तर प्रदेश बिजली विभाग में इंजीनियर हैं। परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और अंतिम संस्कार के लिए शव को अपने पैतृक गांव बाराबंकी ले गए।