दो दशक से बिहार की राजनीति के सबसे चर्चित विधायकों में से एक अनंत सिंह, अब राजनीति छोड़ सकते हैं। उन्होंने एलान किया है कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। विधायक के तौर पर यह उनका अंतिम कार्यकाल है। उन्होंने कहा है कि वह अपनी राजनीतिक विरासत अपने बच्चों के हवाले कर रहे हैं।
अनंत सिंह की गिनती, बिहार के बाहुबली विधायकों में होती है। उनके खिलाफ हत्या के कई संगीन मुकदमे चल रहे हैं। वह दुलारचंद यादव हत्याकांड में जेल में बंद हैं। राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग में हिस्सा लेने आए अनंत सिंह का यह बयान अब चर्चा में है।
यह भी पढ़ें: जेल से आए, बिना कागज पढ़े ली शपथ, अनंत सिंह के साथ सेल्फी के लिए होड़ मच गई
अनंत सिंह ने पहले ही किया था एलान
अनंत सिंह ने पहले भी कहा था कि जब तक बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं, तभी तक वह सियासत करेंगे। अगर वह संन्यास लेते हैं तो अनंत सिंह भी राजनीति छोड़ देंगे। राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के बाद अनंत सिंह ने कहा कि यह उनका आखिरी चुनाव था। अब वह भविष्य में कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे।
यह भी पढ़ें: 'अनंत सिंह संत हैं क्या...,' तेजस्वी ने ऐसा क्या पूछा कि भड़की BJP?
बेटे को सौंपेगे विरासत
अनंत सिंह ने कहा है कि उनके बड़े बेटे अब राजनीति में आएंगे और चुनाव लड़ेंगे। अनंत सिंह जेडीयू से जुड़े रहे हैं। वह दावा करते हैं कि नीतीश कुमार ने ही राजनीति में उन्हें आगे बढ़ाया। मोकामा से अनंत सिंह लगातार जीतते रहे हैं। वह कभी जेल जाते, कभी जेल से बाहर आते।
बिना टिकट बंटे ही किया था नामांकन
अनंत सिंह ने तभी जेडीयू से नामांकन कर दिया था, जब नीतीश कुमार ने टिकट का एलान ही नहीं किया था। अनंत सिंह के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल ने बाहुबली सूरजभान की पत्नी वीणा देवी को उतारा था। वह उनके चुनाव में हार गईं।