उत्तराखंड के हरिद्वार से एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां पर अपनी ही नाबालिग बेटी का गैंगरेप करवाने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में एक तीसरा आरोपी भी है, जो फरार बताया जा रहा है।
मामला हरिद्वार के रानीपुर का बताया जा रहा है। ऐसा भी कहा जा रहा है कि आरोपी महिला पहले बीजेपी की महिला मोर्चा से जुड़ी थी। वह महिला मोर्चा में बड़े पर थी।
शराब पिलाकर यौन शोषण
बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की को पहले शराब पिलाई गई और फिर उसका यौन शोषण किया गया। थाना प्रभारी मोहन भंडारी ने मीडिया को बताया कि नाबालिग के साथ इसी साल जनवरी में पहली बार दुष्कर्म किया गया था। इसके बाद एक होटल में ले जाकर उसका गैंगरेप भी किया गया था।
पुलिस को लड़की ने बताया है कि उसके साथ कार में गैंगरेप किया गया था। उस वक्त उसकी मां अनामिका शर्मा भी कार में मौजूद थी। आरोपी महिला ने एक चौक से आरोपियों को कार में बैठाया था। मां ने ही अपनी बेटी को पहले वोडका पिलाई। रात में कार को एक जंगल में ले जाकर खड़ा किया और फिर लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया।
यह भी पढ़ें-- 'हम तुम्हारी शादी करवा देंगे’ कहकर दिया भरोसा, फिर गला रेतकर ले ली जान
फिर होटल ले जाकर किया दुष्कर्म
पूछताछ में सामने आया है कि बाद में एक होटल में भी लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला अपनी बेटी को आगरा भी लेकर गई थी। यहां एक होटल में उसके साथ गैंगरेप किया गया। इसके बाद वृंदावन में भी शराब पिलाकर लड़की का गैंगरेप किया गया।
होटल से पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी महिला का नाम अनामिका शर्मा है। पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड सुमित पटवाल को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को रानीपुर के एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि इसी होटल को अनामिका औऱ सुमित ने लीज पर लिया था। कहा जा रहा है कि 13 साल की नाबालिग लड़की महीनेभर से अपने पिता के साथ रह रही है। वहीं, महिला अपने पति को छोड़कर बॉयफ्रेंड के साथ ही रहने लगी थी।
यह भी पढ़ें-- बेंगलुरु हादसे में 11 की मौत, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया भगदड़ का मंजर
केस दर्ज, बीजेपी ने पार्टी से निकाला
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 351(3), 3(5) समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
इस बीच महिला का नाम सामने आने के बाद बीजेपी ने उसे पार्टी से बाहर निकाल दिया है। बीजेपी के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला की प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।