उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई से आहत एक व्यापारी चेतन सैनी ने कथित तौर पर सुसाइड कर लिया। एक दिन पहले ही मुरादाबाद की मझोला मंडी समिति में प्रशासन का बुलडोजर चला था। चार घंटे तक चली कार्रवाई में मंडी में 100 से ज्यादा दुकानों का अतिक्रमण ढहा दिया गया था। इस अभियान के बाद एक कारोबारी ने कथित तौर पर मानसिक दबाव में आकर देर रात छत से कूदकर अपनी जान दे दी। बुधवार को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंच कर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।
इस कार्रवाई का मंडी में व्यापारियों ने विरोध भी किया था। इस दौरान व्यापारियों की पुलिस से झड़प भी हो गई लेकिन पुलिस ने व्यापारियों को काबू में कर लिया और प्रशासन की कार्रवाई जारी रही। इसके बाद परेशान होकर चेतन सैनी ने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि मृतक चेतन सैनी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मंडल उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह के बड़े भाई थे। इस घटना के बाद बीजेपी नेता और अन्य अधिकारी देर रात ही उनके घर पर पहुंच गए। आज उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंच कर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।
यह भी पढ़ें- महिलाओं की स्कीम में पुरुष; महाराष्ट्र की लाडकी बहिन योजना में गड़बड़ी
छत से कूदकर दी जान
जानकारी के मुताबिक अनुसार मझोला स्थित मंडी समिति परिसर में उनकी आढ़त की दुकान थी जो कि उनके पिता के नाम पर थी। चेतन सैनी सालों से वहीं अपना कारोबार कर रहे थे। करीब 20 साल से यह दुकान उनके पिता के नाम पर थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंडी सचिव संजीव कुमार के साथ मारपीट की घटना के बाद मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई की चपेट में चेतन की दुकान भी आ गई। चेतन के परिवार वालों ने बताया कि इस कार्रवाई के बाद वह चिंता में थे और देर रात घर की छत से कूदकर जान दे दी।
रात में ही घर पहुंचे बीजेपी विधायक
देर रात हुई इस घटना के बाद परिवार वाले चेतन को लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। गुस्साए परिवार वालों ने प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। घटना की सूचना मिलने पर विधायक रितेश गुप्ता तत्काल पीड़ित के घर पहुंचे। विधायक ने करीब चार घंटे तक पीड़ित परिवार को समझाया।
इस दौरान उनके साथ एसपी रणविजय सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले गई। इस बीच पीड़ित के घर पर कई बीजेपी नेता पहुंचे। एसपी रणविजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद व्यापारी और बीजेपी नेताओं में आक्रोश का माहौल है। बीजेपी नेताओं और कारोबारियों ने इसे प्रशासन की कार्रवाई का परिणाम बताया है। वहीं अधिकारियों ने इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच की बात कही है।
यह भी पढ़ेंः हैदराबाद का कलंक: 90,000 में खरीदी कोख, 35 लाख में बेचा फर्जी बच्चा
परिवार से मिलने पहुंचे उपमुख्यमंत्री
चेतन सैनी की आत्महत्या के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बुधवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मृतक के भाई से कहा कि आप परेशान मत हों। किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा। बिना अधिकारियों का नाम लिए उन्होंने कड़ी कार्रवाई की बात कही।
इस दौरान विधायक रितेश गुप्ता ने कहा कि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उनकी इस मांग पर उपमुख्यमंत्री ने कहा चिंता बिल्कुल मत करो मुकदमा भी होगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा बीजेपी परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।