छत्तीसगढ़ के मुंगेली में एक स्टील प्लांट में बन रही चिमनी गिर जाने से बड़ा हादसा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, दर्जनों लोग इस चिमनी के नीचे दब गए हैं और उन्हें बचाने का अभियान जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा मुंगेली के रामबोड स्थित कुसुम स्टील प्लांट में हुआ है। दुर्घटना के कुछ देर बाद तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई थी और लोगों को अंदर जाने से रोका जा रहा था। फिलहाल, रेस्क्यू टीम पहुंच गई है और लोगों को निकालने का काम जारी है।
मुंगेली के पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि यह घटना जिले के सारागांव क्षेत्र में स्थित संयंत्र में दोपहर में हुई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, साइलो ढह गया जिससे मौके पर मौजूद कुछ मजदूर इसके नीचे फंस गए। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। उनके मुताबिक,अब तक दो घायल श्रमिकों को निकाल लिया गया है और उन्हें बिलासपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी भोजराम पटेल ने आगे कहा कि संभवतः यहां 3-4 लोग फंसे हो सकते हैं। सामान हटाने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। दो घायलों को इलाज के लिए बिलासपुर भेजा गया है। बचाव और राहत कार्य जारी है।
क्या बोले मुंगेली के डीएम?
मुंगेली के डीएम राहुल देव ने कहा, 'बचाव अभियान जोरों पर चल रहा है। एसडीआरएफ की टीम भी यहां पहुंच गई है। हमारे पास पर्याप्त बचावदल के साथ में जरूरी मशीनरी भी हैं। कुछ मजदूर लापता हैं, उनके लिए बचाव अभियान चल रहा है। हम प्लांट के मैनेजर से जानकारी ले रहे हैं। हमें जल्द ही विस्तृत जानकारी मिल जाएगी।'
अधिकारी ने बताया कि ढही हुई इमारत के नीचे कई और मजदूरों के फंसे होने की खबर है और उन्हें बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुंगेली के कलेक्टर राहुल देव ने बताया है कि रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर मौजूद हैं और लोगों को बचाने का अभिायान जारी है।
अधिकारियों के बयान के मुताबिक, इस फैक्ट्री में लोहे से जुड़ी चीजें बनाने का काम किया जाता है।