गोधरा शहर, जो अपने जटिल साम्प्रदायिक इतिहास के लिए जाना जाता है, 2026 के स्थानीय निकाय चुनावों में सामाजिक सद्भाव का एक शानदार उदाहरण पेश किया है। गोधरा नगरपालिका में पहली बार एक निर्दलीय उम्मीदवार और एक हिंदू महिला आपेक्षाबेन नैनेशभाई सोनी ने वार्ड नंबर 7 से भारी मतों से जीत दर्ज की है।
यह वार्ड पूरी तरह से मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं वाला है। यह जीत गोधरा के राजनीतिक इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुई है। आपेक्षाबेन सोनी उस वार्ड की मतदाता भी नहीं हैं, फिर भी स्थानीय लोगों ने उन पर पूरा भरोसा जताया और उन्हें जिताया। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि मुस्लिम मतदाताओं ने पारंपरिक धर्म और जाति आधारित वोटिंग को छोड़कर, स्थानीय विकास और उम्मीदवार की योग्यता को प्राथमिकता दी।
यह भी पढ़ें: केजरीवाल के मिशन गुजरात को झटका, सूरत में जीती हुई सीटें भी गंवाई
पूरी तरह मुस्लिम बहुल इलाका
इस फैसले को गोधरा के लोगों द्वारा भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश माना जा रहा है। पूरी तरह मुस्लिम बहुल इलाके से एक हिंदू महिला को भारी अंतर से जिताना दर्शाता है कि अब लोग व्यक्तिगत योग्यता और विश्वास को धर्म के ऊपर रख रहे हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह 'गोधरा मॉडल' भविष्य में गुजरात के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के स्थानीय चुनावों में एक नई दिशा दिखा सकता है।
गुजरात में BJP की भारी जीत
गुजरात के शहरी इलाकों में बीजेपी ने लगभग साफ-सुथरी जीत हासिल की है। राज्य की सभी 15 नगर निगमों पर बीजेपी का कब्जा हो गया है। अहमदाबाद में बीजेपी ने 192 सीटों में से 146 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस सिर्फ 18 सीटों पर सिमट गई। सूरत में बीजेपी ने 115 सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी (AAP) को सिर्फ 4 सीटों पर रोक दिया। इसके अलावा राजकोट और वडोदरा में भी बीजेपी ने 65-65 सीटें जीतीं, जहां कांग्रेस को दोहरे अंकों तक पहुंचना भी मुश्किल रहा।
यह भी पढ़ें: गुजरातः सभी 15 नगर निगमों में BJP को मिली भारी जीत, विपक्ष का प्रदर्शन रहा कमजोर
इस चुनावी नतीजे से साफ है कि गुजरात के शहरों में बीजेपी की पकड़ मजबूत बनी हुई है। गोधरा की यह खास जीत न सिर्फ स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी है, बल्कि पूरे राज्य के लिए सामाजिक सद्भाव का प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।