उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बदायूं जिले के बिल्सी क्षेत्र के हरगनपुर गांव निवासी 20 वर्षीय अमन के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से मिले मोबाइल फोन और आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान की गई। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना ब्रह्मदासपुर गांव स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास की है। शनिवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने जंगल में एक पेड़ से युवक का शव लटका देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से एक बैग भी बरामद हुआ है। वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर में गबन, हाई कोर्ट पहुंचा केस, CBI जांच की मांग, RSS ने पूछे सवाल
रोहतक में करता था मजदूरी
घरवालों के अनुसार अमन हरियाणा के रोहतक में मजदूरी करता था। शुक्रवार रात उसकी अपने पिता राजेश से फोन पर बातचीत हुई थी। परिजन का कहना है कि बातचीत के दौरान वह काफी परेशान लग रहा था। पिता ने उसे घर लौट आने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके कुछ घंटे बाद ही उसकी मौत की सूचना परिवार तक पहुंच गई।
वॉयस मैसेज में बयां किया दर्द
पुलिस जांच में अमन के मोबाइल फोन से कई वॉयस मैसेज मिले हैं। बताया जा रहा है कि उसने अपने परिचितों को भेजे संदेशों में कहा था कि अब जीने का मन नहीं करता। इन संदेशों के आधार पर पुलिस आत्महत्या की आशंका को भी गंभीरता से देख रही है।
यह भी पढ़ें: नवाबों ने लगाया, बागवानों ने सवारा, कैसे दुनिया में छा गया मलिहाबादी आम?
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती
जांच में सामने आया है कि अमन की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए निगोहां और मोहनलालगंज क्षेत्र के बीच स्थित एक गांव की युवती से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध बन गए। पुलिस का मानना है कि इसी रिश्ते को लेकर वह मानसिक तनाव में था। हालांकि ग्रामीणों का एक वर्ग इस घटना को संदिग्ध मान रहा है। उनका कहना है कि मामले में हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।