कभी बाढ़, कटाव और अलगाव की पहचान रखने वाला कोसी क्षेत्र अब विकास की नई इबारत लिखने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। कोसी नदी पर निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित कोसी मेगा ब्रिज न केवल दो किनारों को जोड़ेगा, बल्कि नेपाल से लेकर झारखंड तक सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह पुल आने वाले वर्षों में सीमांचल और मिथिलांचल की तस्वीर बदलने वाला साबित हो सकता है।
मधेपुरा जिले के चौसा प्रखंड अंतर्गत फुलौत में राष्ट्रीय राजमार्ग-106 पर बन रहे इस मेगा ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। करीब 1400 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस पुल की लंबाई लगभग साढ़े सात किलोमीटर है। इसके निर्माण से वीरपुर, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और भागलपुर के बीच संपर्क व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: CM सम्राट चौधरी को दी धमकी, सोशल मीडिया पर शेयर की वीडियो, अब मांगने लगा माफी
मंत्री ने किया निरीक्षण
बिहार सरकार की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री एवं मधेपुरा की प्रभारी मंत्री शीला कुमारी मंडल ने मंगलवार को निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी और विभागीय अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जाए।
मौके पर मंत्री ने कहा कि यह पुल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि पूरे कोसी क्षेत्र के आर्थिक उत्थान का मजबूत आधार बनेगा। इसके निर्माण से व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि नेपाल और झारखंड के साथ वर्षों पुराने सामाजिक और पारिवारिक संबंधों को भी यह पुल नई ऊर्जा देगा।
घंटों का सफर मिनटों में होगा तय
कोसी नदी की वजह से वर्षों से लोगों को लंबी दूरी तय कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। पुल के निर्माण के बाद यह दूरी काफी कम हो जाएगी। इससे माल ढुलाई की लागत घटेगी, बाजारों तक पहुंच आसान होगी और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना पूरे क्षेत्र के आर्थिक नक्शे को बदलने की क्षमता रखती है।
स्थानीय लोगों की बढ़ी उम्मीदें
निरीक्षण के दौरान मौजूद स्थानीय लोगों ने पुल निर्माण कार्य में और तेजी लाने की मांग की। उनका कहना है कि दशकों से बेहतर संपर्क व्यवस्था का इंतजार कर रहे कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए यह परियोजना किसी सपने के साकार होने जैसी है। पुल पूरा होने के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए लोगों को होने वाली परेशानियां काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी।
यह भी पढ़ें: बिहार: मुजफ्फरपुर के अस्पताल में लगी भीषण आग, कई लोगों के मरने की आशंका
विकास का नया प्रतीक बनेगा कोसी मेगा ब्रिज
एक समय बाढ़ की त्रासदी और भौगोलिक अलगाव के लिए चर्चित रहा कोसी इलाका अब आधुनिक आधारभूत संरचना के जरिए नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। कोसी मेगा ब्रिज के पूरा होने के बाद यह क्षेत्र केवल बेहतर सड़क संपर्क ही नहीं पाएगा, बल्कि विकास, निवेश और समृद्धि के नए अध्याय की शुरुआत भी करेगा। आने वाले समय में यह पुल बिहार के सबसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक के रूप में जाना जाएगा, जो सच मायनों में कोसी क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम करेगा।