महाराष्ट्र के 12 जिला परिषद और 125 पंचायत समितियों के चुनाव की मतगणना जारी है। शनिवार को 12 जिला परिषदों के 731 सदस्य पदों का चुनाव हुआ। इसके अलावा 125 पंचायत समितियों की कुल 1,462 सीटों पर भी वोटिंग हुई थी। जिला परिषद चुनाव में 2,624 और पंचायत समिति चुनाव में 4,814 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है।
सोमवार सुबह 10 बजे सभी सीटों पर मतगणना शुरू हुई। अभी तक बीजेपी 200 और एकनाथ शिंदे की शिवसेना 137 जिला पंचायत सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा अजीत पवार की एनसीपी ने 120, कांग्रेस ने 46, शिवसेना (यूबीटी) ने 33, एनसीपी (एसपी) ने 13 और अन्य ने 29 सीटों पर बढ़त बना रखी है। हालांकि अभी तक महाराष्ट्र चुनाव आयोग ने कोई भी आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है, लेकिन बीजेपी ने महायुति गठबंधन की जीत का दावा किया है।
एक वोट से जीता उद्धव का प्रत्याशी
धाराशिव जिले में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। यहां की धोकी पंचायत समिति चुनाव में शिवसेना (UBT) के प्रत्याशी अमर समुद्रे ने बीजेपी उम्मीदवार को महज एक मत से शिकस्त दी। अमर को कुल 3,187 वोट मिले। वहीं बीजेपी प्रत्याशी को एक मत कम यानी 3,186 वोट ही मिले। नोटा को कुल 56 वोट पड़े।
फडणवीस का दावा- महायुति सभी जिलों में जीती
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी 12 जिलों में महायुति की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने छत्रपति संभाजीनगर, सिंधुदुर्ग, सोलापुर, सांगली, धाराशिव, परभणी और सतारा में जीत हासिल की है। वहीं एनसीपी ने पुणे में फतेह दर्ज की है। फडणवीस ने आगे कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव के बाद बीजेपी शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण महाराष्ट्र में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
इन जिला परिषद सीटों पर हुआ चुनाव
- रायगढ़
- रत्नागिरी
- सिंधुदुर्ग
- पुणे
- सतारा
- सांगली
- सोलापुर
- कोल्हापुर
- छत्रपति संभाजीनगर
- परभणी
- धाराशिव
- लातूर
बीजेपी नेता के चार रिश्तेदार भी हारे
धाराशिव के अलावा परभणी में भी रोचक मुकाबला देखने को मिला। यहां महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सुरेश वारपुडकर के पांच रिश्तेदारों में से चार को जिला परिषद चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। पूर्व मंत्री की बेटी सोनल देशमुख, बेटे समशेर वारपुडकर, बहू प्रेरणा वारपुडकर, भतीजे उत्कर्ष वारपुडकर और अजीत वारपुडकर ने अपनी किस्मत आजमाई थी।
कांग्रेस की टिकट पर लोहगांव से अजीत को जीत मिली है। उन्होंने बीजेपी के उम्मीदवार उत्कर्ष वारपुडकर को 111 वोटों से हराया। सोनल देशमुख ने जरी से शिवसेना (UBT) के टिकट पर चुनाव लड़ा। उन्हें बीजेपी के दिलीप देशमुख ने हराया। समशेर को सिंगनापुर से शिवसेना (UBT) के उम्मीदवार पांडुरंग खिलारे ने 1604 वोटों से शिकस्त दी। बहू प्रेरणा को दैठाना सीट से हार का मुंह देखना पड़ा। सुरेश वारपुडकर तीन बार के विधायक हैं। महाराष्ट्र के कृषि राज्य मंत्री रहे। पिछले साल ही कांग्रेस छोड़कर बीजेपी ज्वाइन की थी।