संजय सिंह, पटना: जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने संगठन को नई दिशा देने के लिए बड़ा बदलाव किया है। पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में JDU प्रमुख नीतीश कुमार ने नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव पार्टी को आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति का हिस्सा है। इस दौरान संजय कुमार झा को एक बार फिर पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नीतीश कुमार ने साफ किया कि संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए अनुभव और नए चेहरों का संतुलन जरूरी है।
नीतीश कुमार ने बताया कि नई टीम में समाज के अलग-अलग वर्गों को प्रतिनिधित्व देने पर खास ध्यान दिया गया है। पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि गोपालगंज से सांसद आलोक कुमार सुमन को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पार्टी ने 12 राष्ट्रीय महासचिव और 8 सचिव भी नियुक्त किए हैं, ताकि संगठन को और मजबूत किया जा सके।
यह भी पढ़ें: हाई कोर्ट पहुंचा ‘लारेंस ऑफ पंजाब’ का मामला, कांग्रेस नेता ने दायर की PIL
राष्ट्रीय विस्तार पर फोकस
नीतीश कुमार ने कहा कि यह सिर्फ पद बांटने का मामला नहीं है, बल्कि पार्टी को जमीनी स्तर से मजबूत करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि JDU अब केवल बिहार तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना चाहती है। उन्होंने अपने हालिया फैसलों का जिक्र करते हुए बताया कि 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद वे राज्यसभा के लिए चुने गए और उन्होंने बिहार विधान परिषद की सदस्यता भी छोड़ दी, ताकि वे संगठन और राष्ट्रीय राजनीति पर ज्यादा ध्यान दे सकें।
यह भी पढ़ें: 'गलत भाषा बोली, बोतल फेंकी', 'गेट आउट' बोलने वाली महिला पर बोले गिरीश महाजन
नई टीम से कार्यकर्ताओं में उत्साह
नीतीश कुमार ने बिहार में हुए नेतृत्व परिवर्तन पर भी बात की। उन्होंने बताया कि NDA विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को नेता चुना गया, जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने कहा कि यह फैसला पूरी सहमति से लिया गया और इसका उद्देश्य राज्य और केंद्र की राजनीति में संतुलन बनाए रखना है। पार्टी कार्यकर्ताओं में नई टीम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बदलाव JDU को नए सिरे से मजबूत करने और बदलती राजनीति में खुद को स्थापित करने की कोशिश है। आने वाले चुनावों को देखते हुए संगठन में और बदलाव भी हो सकते हैं।