कुछ दिनों पहले की ही बात है कि उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक युवक पानी से भरे गड्ढे में कार समेत समा गया और मौत हो गई। हाल ही में दिल्ली के जनकपुरी में एक खुले गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इस सबसे भी सरकारी संस्थाओं और विभागों ने संभवत: कोई सीख नहीं ली है। जनकपुरी में हुए हादसे के 4 दिन बाद यानी मंगलवार को दिल्ली के रोहिणी में एक शख्स एक खुले मैनहोल में जा गिरा और उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह शख्स शराब के नशे में था जिसके कारण संतुलन बिगड़ गया। जब तक उसे निकाला जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला शख्स मजदूर करता था और उसका शव मैनहोल से बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार दोपहर 2:36 बजे एक लापता व्यक्ति के रोहिणी सेक्टर-32 में डीडीए की खाली जमीन पर सीवर में गिरने की आशंका के बारे में सूचना मिली। इस बारे में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'बेगमपुर थाने की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फोन करने वाले बिहार निवासी आमिर हुसैन ने पुलिस को बताया कि उसका दोस्त बिरजू कुमार राय (32) सोमवार से लापता है।’
यह भी पढ़ें: दिल्ली सरकार ने लॉन्च की 'लखपति बिटिया योजना', कौन और कैसे उठा सकता है फायदा?
पुलिस और साथियों ने क्या बताया?
शुरुआत जांच के दौरान एक अन्य मजदूर बुधन दास उर्फ सूरज (33) ने पुलिस को बताया कि उसने और बिरजू ने सोमवार रात शराब पी थी। उन्होंने कहा कि शाम करीब 7:30 बजे जब वे पास में स्थित अपनी झुग्गी में लौट रहे थे, तभी बिरजू का संतुलन बिगड़ गया और वह खुले मैनहोल में गिर गया। पुलिस ने कहा कि बुधन दास ने रात में घटना के बारे में किसी को सूचित नहीं किया क्योंकि वह नशे में था।
पुलिस अधिकारी ने कहा, 'मंगलवार दोपहर को होश में आने के बाद उसने आमिर हुसैन से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई।' घटनास्थल पर पहुंचने के बाद, पुलिस ने अग्निशमन विभाग, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) और अन्य संबंधित एजेंसियों को सूचित किया और बचाव अभियान शुरू किया गया। बाद में फायर ब्रिगेड की मदद से व्यक्ति का शव खुले मैनहोल से बरामद किया गया। पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
यह भी पढ़ें: असम में SIR के बाद बदली तस्वीर, नई मतदाता सूची जारी; हटाए गए लाखों नाम
फिर से उठे सवाल
अधिकारी ने कहा, 'हम CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं। मामले में जांच की जा रही है।' मृतक के एक दोस्त सुनील कुमार ने कहा कि बिरजू कुमार राय की तब मौत हो गई जब वह अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर लौट रहा था और खुले मैनहोल में गिर गया। उन्होंने कहा, 'उस समय उनके साथ एक व्यक्ति भी था और हो सकता है कि वह गलती से सीवर में फिसल गया हो। हमें उसकी एक चप्पल सीवर के अंदर मिली। जब हम उसे देखने के लिए करीब गए, तो हमें एहसास हुआ कि वह खुले मैनहोल में गिर गया होगा।'
उन्होंने कहा कि अगर सीवर को ठीक से ढका गया होता तो यह घटना नहीं होती। इस घटना से पहले पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की ओर से खोदे गए गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय बैंक कर्मचारी की मौत हो गई थी। जनकपुरी मामले में पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले दिल्ली के नोएडा में एक युवक सड़क के किनारे भरे पानी में डूब गया था जिसके चलते उसकी मौत हो गई।