पंजाब से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी बस्सी की गोली लगने से मौत हो गई है। गोगी लुधिया वेस्ट सीट से विधायक थे। बताया जा रहा है कि देर रात गोगी अपनी लाइसेंसी पिस्तौल को साफ कर रहे थे, तभी गलती से गोली चल गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
रात 12 बजे हुई घटना
पुलिस ने बताया कि ये घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, गोगी के परिवार वालों ने दावा किया है कि उन्होंने गलती से खुद को गोली मार ली। गोली उनके सिर के आर-पार हो गई थी। गोली लगने के बाद गोगी को दयानंद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगी।
डीसीपी ने क्या कहा?
लुधियाना के डीसीपी जसकरन सिंह तेजा ने बताया, 'गुरप्रीत गोगी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। उनका शव दयानंद मेडिकल कॉलेज की मॉर्चुरी में रखा गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिवार वालों का कहना है कि उन्होंने गलती से खुद को गोली मार ली। उनके सिर में गोली लगी थी। पोस्टमार्ट रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।'
ऐसे बीता था आखिरी दिन
गुरप्रीत बस्सी का आखिरी दिन कई कार्यक्रमों में बीता था। शुक्रवार को उन्होंने पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान और सांसद संत बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल के साथ सफाई अभियान में हिस्सा लिया था। उन्होंने एक पाइपलाइन प्रोजेक्ट में देरी होने पर नाराजगी भी जताई थी। इस प्रोजेक्ट की नींव उन्होंने 2022 में रखी थी।
2022 में बने थे विधायक
आम आदमी पार्टी के नेता गुरप्रीत गोगी बस्सी 2022 में विधायक बने थे। उन्होंने लुधियाना वेस्ट सीट से पूर्व मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 7,500 वोटों से हराया था। गोगी को करीब 40 हजार वोट मिले थे।