बिहार के बेगूसराय जिले में बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के शिक्षक अवनीश कुमार का जबरन पकड़ौआ विवाह हुआ। कटिहार में तैनात स्कूल शिक्षक चार साल से एक लड़की के साथ रिश्ते में था लेकिन बाद में उसने अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने से इनकार कर दिया।
इसकी खबर जैसे ही लड़की के परिजनों को लगी तो वह लड़के को जबरन पकड़ कर अपने साथ ले गए। यहां बिहार के एक मंदिर में उसकी शादी लड़की से करवा दी। शादी के बाद जब जोड़ा दूल्हे के घर पहुंचा तो लड़के के परिवार ने लड़की के साथ मारपीट की। लड़की के परिवार ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है।
4 साल से थे रिलेशन में, फिर शादी से इनकार
लड़का मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रजौरा सिकंदरपुर का निवासी है। वहीं, लड़की लखीसराय के पिपरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली है। दोनों के बीच चार साल से प्रेम संबंध था। युवती ने बताया कि वह रजौरा में अपनी बहन के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। चार साल पहले उसे एक गांव के लड़के से ही प्यार हो गया। लड़का उस समय बीपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। बीपीएससी टीआरई 2 परीक्षा पास कर शिक्षक बनने के बाद उसकी पोस्टिंग कटिहार में हुई।
प्यार फिर धोखा और अब जबरन विवाह
मिली जानकारी के अनुसार, लड़के ने लड़की को कटिहार बुलाना शुरू कर दिया और दोनों साथ रहने लगे और अक्सर एक-दूसरे से मिलने लगे। कुछ दिनों के बाद, लड़की अपनी बहन के घर लौट आई। करीब 10 दिन पहले, लड़का गांव आया और लड़की को अपने साथ कटिहार ले गया। कुछ दिन पहले कुछ लोगों ने उन्हें कटिहार में एक साथ देखा भी था। लड़की ने पहले ही अपने परिवार को इस रिश्ते के बारे में बता दिया था और उसके परिवार ने तुरंत शादी तय करने की कोशिश की लेकिन लड़के ने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने जबरन लड़के की शादी करा दी।
घटना का वायरल हो रहा वीडियो
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें कई लोग मंदिर के बाहर लड़के को पकड़े हुए दिखाई दे रहे थे। मांग में सिंदूर लगाए लड़की भी मौजूद थी और लड़के को जबरन शादी की रस्में पूरी करने के लिए मजबूर किया गया। शादी के बाद लड़की को उसके परिजन राजौरा ले गए। हालांकि, जब वे राजौरा चौक पहुंचे तो लड़का गाड़ी से कूदकर भाग गया। जब लड़की और उसके परिजन उसके घर पहुंचे तो लड़के के परिजनों ने उसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। लड़की ने अब न्याय के लिए पुलिस से गुहार लगाई है।