logo

ट्रेंडिंग:

स्कूटी, फोन, किसानों को फ्री बिजली, योगी सरकार के 10वें बजट की 10 बड़ी बातें

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपना 10वां बजट पेश कर दिया है। इस बजट में छात्राओं को स्कूटी, AI एजुकेशन, 14 नए मेडिकल कॉलेज समेत कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं।

UP Budget 2026

सीएम योगी और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, Photo Credit: PTI

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

आज सभी की नजरें देश के सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश के बजट पर हैं। यह योगी सरकार का लगातार 10वां बजट है और वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में अब तक का सबसे बड़ा 9,12,696 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने बजट पेश करते हुए कई बड़े ऐलान किए, जिसमें एग्रीकल्चर, रोजगार ट्रेनिंग और एग्री एक्सपोर्ट हब जैसे ऐलान हैं। इस बजट को योगी 2.0 का आखिरी पूर्ण बजट माना जा रहा है क्योंकि अगले साल विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने वाला है। 

 

बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार के दोनों कार्यकाल में हर क्षेत्र में विकास हुआ है। वित्त मंत्री ने विधानसभा में बताया कि उत्तर प्रदेश मोबाइल फोन उत्पादन का हब बन गया है और उत्तर प्रदेश में मोबाइल फोन का देशभर में सबसे बड़ा विनिर्माण केंद्र है। देश के कुल मोबाइल फोन उत्पादन का 65 प्रतिशत अब यूपी में होता है। सीएम योगी ने भी इस बजट की तारीफ की और कहा कि इससे पहले किसी भी सीएम को 10 बजट पेश करने का मौका नहीं मिला था। 

 

यह भी पढ़ें: जन गण मन से पहले वंदे मातरम..., सरकार के नए आदेश में क्या-क्या है?

 

बजट की 10 बड़ी बातें

  1. इस साल पेश बजट अब तक का सबसे बड़ा बजट है। वित्त मंत्री ने कहा कि 2026-27 के लिए प्रस्तुत 9,12,696.3 करोड़ रुपये का बजट पिछले वर्ष के मुकाबले करीब 12.2 प्रतिशत ज्यादा है।
  2. इस साल एजुकेशन सेक्टर के लिए कुल बजट का 12 प्रतिशत और हेल्थ के लिए कुल बजट का 4 प्रतिशत आवंटित किया गया है। इसके अलावा एग्रीकल्चर और संबंधित क्षेत्रों के लिए 9 प्रतिशत राशि आवंटित की गई है। इसके साथ ही किसानों के लिए सिंचाई के लिए मुफ्ट बिजली देने का इंतजाम किया गया है।
  3. बजट में वित्त मंत्री ने बताया कि स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना में टैबलेट और स्मार्ट फोन बांटने की प्रक्रिया जारी रहेगी। इस योजना के लिए बजट में 2,347 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
  4. महिला सुरक्षा और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए 'रानी लक्ष्मीबाई योजना' के तहत मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने के लिए 400 करोड़ का विशेष बजट आवंटित किया गया है।
  5. औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 'सरदार वल्लभ भाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन' के लिए 575 करोड़ प्रस्तावित किए गए हैं। इसके साथ ही MSME सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए 3,822 करोड़ दिए गए हैं।
  6. बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास जोर दिया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए बजट का 19.5 प्रतिशत हिस्सा रखा गया है। सड़क और पुल बनाने के लिए 34,468 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।
  7. पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अयोध्या के विकास के लिए 150 करोड़ रुपये की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही लखनऊ के कुकरैल में नाइट सफारी प्रोजेक्ट के लिए 207 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा 10 हजार टूरिस्ट गाइडों को ट्रेनिंग देने का भी प्लान है।
  8. महिलाओं के लिए भी बजट में कई ऐलान किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए 100 करोड़ की लागत से 'वूमेन बीपीओ' स्थापित किए जाएंगे और 16 लाख से ज्यादा महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाने की कोशिश की जाएगी।
  9. बजट में टेक्निकल एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए भी कई घोषणाएं की गई हैं। वित्त मंत्री ने 'उत्तर प्रदेश एआई (AI) मिशन' शुरू करने की घोषणा की है, जिसके लिए 225 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके साथ ही टेक युवा-समर्थ युवा' योजना के माध्यम से उभरती हुई तकनीकों में युवाओं को एजुकेट किया जाएगा।
  10. वित्त मंत्री ने बजट में 14 नए मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की और इसके साथ ही मेडिकल एजुकेशन के लिए 14997 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। मौजूदा समय में उत्तर प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज में से 45 सरकारी और 36 प्राइवेट हैं। अब 14 नए मेडिकल कॉलेजों के खुलने इनकी संख्या बढ़ जाएगी। 

यह भी पढ़ें: 'भारत माता को आपने बेचा, आंखों में डर दिखता है...', सरकार पर बरसे राहुल गांधी

बजट पर क्या बोले सीएम योगी?

योगी आदित्यनाथ सरकार का यह 10वां बजट है। इस बजट पर अपनी बात रखते हुए सीएम योगी ने कहा, 'यह बजट नौ साल के नवनिर्माण की कहानी बताता है। इसमें 43,565 करोड़ से ज्यादा की राशि नई योजनाओं के लिए प्रस्तावित की गई हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर के डेवलपमेंट के जरिए रोजगार सृजन करने की कोशिश की गई है।' सीएम योगी ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी सीएम को 10वीं बार बजट पेश करने का मौका मिला हो। 


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap