यूपी पुलिस ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर महोबा जिले में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने का आरोप है। बीजेपी कार्यकर्ता नीरज रावत की शिकायत पर महोबा कोतवाली में अजय राय के अलावा बृजराज अहिरवार समेत करीब 30 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 132 (सरकारी कर्मचारी को कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग), 189(2) (गैर-कानूनी जमावड़ा), 196(1) (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में बार एसोसिएशन ने वकीलों में बांटी 600 लाठियां? हंगामे की वजह समझिए
सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप
शिकायत के मुताबिक कांग्रेस नेता बृजराज अहिरवाह ने 22 मई को महोबा के समद नगर इलाके में एक कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय भी 15-16 गाड़ियों में अपने 25 से 30 समर्थकों के साथ पहुंचे। इस वजह से सार्वजनिक सड़क पर व्यवधान पैदा हुआ और इलाके में सामान्य आवाजाही प्रभावित हुई। वहीं कार्यक्रम स्थल पर जिन पुलिस कर्मियों की तैनाती कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए की गई थी, उन्हें तुरंत व्यवस्था संभालने सड़क पर पहुंचना पड़ा।
बयान से बीजेपी कार्यकर्ताओं में गुस्सा: शिकायतकर्ता
बीजेपी कार्यकर्ता नीरज रावत ने अजय राय पर कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उनका आरोप है कि इस बयानबाजी से जनता की भावनाएं आहत हुईं हैं। बीजेपी कार्यकर्ताओं में गुस्सा भड़का और सामाजिक तनाव पैदा हुआ। सबूत के तौर पर एक पेन ड्राइव भी पुलिस को सौंपी। इसमें अजय राय का वीडियो है। उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत तमाम बीजेपी नेताओं ने अजय राय के बयान की निंदा की।
यह भी पढ़ें: यूपी में सियासी जमीन खो चुकीं मायावती, दोबारा कैसे संगठन को करेंगी मजबूत?
बता दें कि अजय राय का शुक्रवार को एक कथित वीडियो वायरल हुआ। इसमें वह पीएम मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते हैं। हालांकि बाद में उन्होंने वीडियो को नकली और एआई जेनरेटेड बताया। इसके अलावा लखनऊ पहुंचकर मामले में शिकायत दर्ज कराने की बात कही थी।