उत्तर प्रदेश पुलिस ने गौ-हत्या और गौ-तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने गौ-हत्या के काले कारोबार में लगे हुए बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह बदमाश रात के अंदेरे में गो-हत्या कर रहे थे। मौके पर पुलिस वहां पहुंच गई और उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा। आरोपियों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर ही एक गोली चला दी। इसके बाद एनकाउंटर में एक घायल हुआ और अन्य दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जब पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई तो वह एक बदमाश को जा लगी। गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तो गिरफ्तार कर लिया लेकिन मौका देखकर उसके दो साथी फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने इन दोनों को भी कुछ ही समय में गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें: 'वोटिंग के दिन घर पर ही रहें TMC के गुंडे', पश्चिम बंगाल में अमित शाह की चेतावनी
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
इस घटना की जानकारी देते हुए सरधना सर्किल के सीओ आशुतोष ने बताया कि 12-13 अप्रैल की दरमियानी रात को सरधना पुलिस को स्थानीय पुलिस स्टेशन के अंडर आने वाली नहर के पास की पटरी के पास जंगलों में कुछ लोगों के गौ-हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम ने पूरी तैयारी के साथ मौके पर छापा मारा।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ लोग गौ-हत्या करते हुए नजर आए। इसके बाद पुलिस ने उनस सरेंडर करने के लिए कहा लेकिन उन्होंने पुलिस की टीम की ओर ही गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और एक आरोपी को गोली लग गई।
गोमांस किया बरामद
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिस समय उन्होंने छापा मारा उस समय आरोपी गौ-हत्या कर रहे थे। पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल, 315 बोर का कारतूस, गौ-हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार, एक कार और गोमांस बरामद किया। पुलिस अभी इस घटना के अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इसके साथ ही एनकाउंटर में घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
यह भी पढ़ें: 'फर्जी खाते, प्रॉपर्टी में निवेश', ED ने बताई खरात के ठिकानों पर छापेमारी की वजह
कई धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने इस एनकाउंटर के बाद अब मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, शस्त्र अधिनियम और उत्तर प्रदेश गौहत्या निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस पिछले काफी समय से गौ-हत्यारों के खिलाफ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत कई अलग-अलग जगहों पर गौ-हत्यारों पर पुलिस कार्रवाई हुई है।