पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) अपने कोटे से एक बार फिर राज्यसभा में एक बड़े उद्योगपति को उतार दिया है। पहले दावा किया जा रहा था कि अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया राज्यसभा जा सकते हैं। दिल्ली विधानसभा चुनावों में दोनों शीर्ष नेता, अपनी सीट गंवा बैठे थे। 24 अक्टूबर को होने वाले राज्यसभा उपचुनाव में राजिंदर गुप्ता को आम आदमी पार्टी ने मौका दिया है। संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई है। संजीव अरोड़ा ने राज्य विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।
संजीव अरोड़ा का कार्यकाल 9 अप्रैल 2018 तक था। वह भगवंत मान सरकार में मंत्री हैं। अब उनकी जगह आम आदमी पार्टी राजिंदर गुप्ता को चुनावी मैदान में उतार रही है। 117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में आम आदमी पार्टी प्रचंड बहुमत से सत्ता में है। ऐसे में इस सीट पर जीत तय मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें: सिर्फ आधार, वोटर ID चाहिए, पंजाब में 10 लाख तक का इलाज मुफ्त में होगा
कैसे तय हुई दावेदारी?
राजिंदर गुप्ता ने राज्य आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। वह काली देवी मंदिर सलाहकार समिति के अध्यक्ष भी थे। उन्होंने यह पद भी छोड़ दिया है। वह आम आदमी पार्टी से जुड़े थे, इसलिए यह अटकलें लगाई जा रहीं थीं कि उन्हें राज्यसभा भेजा जा सकता है। राजिंदर गुप्ता पंजाब के चर्चित कारोबारी हैं। वह ट्राइडेंट समूह के मानद अध्यक्ष हैं। राज्य आर्थिक नीति और योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भी रहे हैं। वह काली देवी मंदिर सलाहकार समिति के अध्यक्ष भी धे।

यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ और पंजाब के बच्चों पर चौंकाने वाली रिपोर्ट आई सामने
राजिंदर गुप्ता कौन हैं?
राजिंदर गुप्ता ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक हैं। वह पंजाब के रहने वाले हैं। उनका दबदबा फोर्ब्स तक है। फोर्ब्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 1.3 बिलियन डॉलर है। भारतीय रुपये में यह रकम 11 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की है। ट्राइडेंट ग्रुप के उत्पाद 150 से ज्यादा देशों में भेजे जाते हैं। ट्राइडेंट की कंपनियां मध्य प्रदेश से लेकर पंजाब तक फैली हुईं हैं।
1985 में राजिंदर गुप्ता ने 6.5 करोड़ रुपये के निवेश से अभिषेक इंडस्ट्रीज नाम से फर्टिलाइजर बिजनेस शुरू किया था। यहीं से उन्हें सफलता मिली और देखते ही देखते ट्राइडेंट कंपनी में बदली। उन्होंने कताई मिल की स्थापना की। वह कपड़ा और कागज जैसे व्यवसायों के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ट्राइडेंट तौलिया और बेडशीट भी बेचता है।