उत्तर प्रदेश के वाराणसी की एक कोर्ट में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने कानून की मर्यादा भूलकर जज के सामने ही अपने बैग से चाकू निकाल लिया। यह पूरी घटना वाराणसी कचहरी परिसर के एसीजेएम-6 कोर्ट रूम के अंदर हुई। मिर्जामुराद के चंगवार बेनीपुर की रहने वाली यह महिला अपने एक पुराने केस की पैरवी के सिलसिले में कोर्ट पहुंची थी।
कोर्ट के अंदर अपनी ही महिला वकील से बहस होने के बाद उसने अचानक चाकू निकाल लिया और उन्हें डराने धमकाने लगी। इस खौफनाक मंजर को देखकर कोर्ट में मौजूद वकील और आम लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
महिला के साथ करीब दो महीने पहले उसके परिजन ने मारपीट की थी, जिसका मामला कोर्ट में चल रहा था। महिला इसी मारपीट की मेडिकल रिपोर्ट लेकर अपनी बात रखने कोर्ट पहुंची थी। वह चाहती थी कि उलके मामले में तुरंत और बहुत सख्त कार्रवाई की जाए। कोर्ट रूम के अंदर वह एक महिला वकील से मिली और उन पर दबाव बनाने लगी कि केस में अभी के अभी ऐक्शन होना चाहिए। जब महिला वकील ने उसे कानूनी नियम समझाते हुए कहा कि कोर्ट प्रक्रिया में थोड़ा समय लगता है और तुरंत सजा नहीं दी जा सकती। महिला बुरी तरह भड़क गई और गुस्से में आकर उसने अपने बैग से चाकू निकाला और वकील की तरफ कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट में क्या खराब हो गया था जो फ्लाइट ही नहीं उड़ पा रही थी?
पुलिस की तुरंत कार्रवाई
जैसे ही महिला ने जज के ठीक सामने चाकू निकाला, वहां सुरक्षाकर्मी और दूसरे वकील तुरंत हरकत में आ गए। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर महिला को चारों तरफ से घेरा और उसे काबू में कर लिया। इसके तुरंत बाद कैंट थाने कि पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस महिला को थाने ले गई है ताकि आगे की पूछताछ की जा सके।
यह भी पढ़ें: हादसे में गई थी इकलौते बेटे की जान, मां-बाप ने कर ली आत्महत्या
महिला की मानसिक हालत
इस घटना ने कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था पर बहुत बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि गेट पर इतनी कड़ी चेकिंग और मेटल डिटेक्टर होने के बावजूद यह महिला चाकू लेकर कोर्ट रूम के इतने अंदर तक कैसे पहुंच गई।
शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला अपने पारिवारिक झगड़ों और मारपीट की वजह से बहुत ज्यादा मानसिक तनाव में लग रही है। फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी कर रही है और कोर्ट की सुरक्षा को और कड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं।