भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार अपडेट कराने की फीस में बदलाव किया है। अगर आप अपना आधार कार्ड अपडेट करवाने की सोच रहे हैं, चाहे नाम बदलवाना हो, पता सही करवाना हो, मोबाइल नंबर जोड़ना हो या फिर फोटो अपडेट करनी हो, तो अब इसके लिए आपको पहले से ज्यादा शुल्क देना होगा। पहले जहां नाम, पता या मोबाइल नंबर जैसी डेमोग्राफिक जानकारी बदलने पर 50 रुपये देने होते थे, वहीं अब इसकी कीमत 75 रुपये कर दी गई है।
इसी तरह अगर आपको बायोमेट्रिक अपडेट करवाना है, जैसे कि फोटो बदलवाना, फिंगरप्रिंट या आंखों की स्कैनिंग अपडेट करानी है तो इसके लिए अब 125 रुपये देने होंगे। पहले यह शुल्क 100 रुपये था। यह नई फीस 30 सितंबर 2028 तक लागू रहेगी। उसके बाद UIDAI जरूरत पड़ने पर इसमें और बदलाव कर सकता है।
यह भी पढ़ें- 4 साल में 1054 करोड़ की साइबर ठगी, 2 करोड़ भी रिकवर नहीं हो पाए
बच्चों के लिए राहत
- छोटे बच्चों के आधार अपडेट के लिए अब भी कोई शुल्क नहीं लगेगा। बच्चों का बायोमेट्रिक डेटा तीन चरणों में अनिवार्य रूप से अपडेट होता है।
- पहली बार जब बच्चा 5 साल का होता है
- दूसरी बार 5 से 7 साल की उम्र के बीच
- तीसरी बार 15 से 17 साल की उम्र के बीच
- इन सभी अपडेट्स पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा
घर बैठे आधार अपडेट की सुविधा
- UIDAI ने उन लोगों के लिए डोरस्टेप सर्विस शुरू की है, जो किसी वजह से आधार सेवा केंद्र नहीं जा सकते हैं। यानी अब आप घर बैठे ही आधार से जुड़ा काम करवा सकते हैं।
- घर बुलाने पर पहले व्यक्ति के लिए 700 रुपये (GST सहित) देना होगा।
- अगर उसी घर के और सदस्य भी आधार अपडेट कराना चाहते हैं, तो हर अतिरिक्त व्यक्ति के लिए 350 रुपये का शुल्क लगेगा।
- इस सर्विस के जरिए न केवल एनरोलमेंट (नया आधार बनवाना) बल्कि बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर लिंक करना और अन्य सेवाएं भी घर पर ही मिल सकेंगी।
यह भी पढ़ें- नौकरी का लालच, काम साइबर क्राइम का; विदेश से बचाए गए 2,471 भारतीय
यहां से कर सकते हैं फ्री अपडेट
Aadhaar दस्तावेज अपडेट (जैसे पते या पहचान प्रमाण से संबंधित डॉक्यूमेंट अपलोड करना) अगर आप myAadhaar पोर्टल से करेंगे, तो यह सेवा 14 जून 2026 तक फ्री रहेगी लेकिन अगर आप यही काम किसी Aadhaar केंद्र पर करवाते हैं, तो इसके लिए आपको 75 रुपए चुकाने होंगे।
बदलाव की वजह
UIDAI का कहना है कि आधार अपडेट की फीस को करीब 5 साल बाद बदला गया है। महंगाई, नई टेक्नोलॉजी की लागत और सेवाओं को और ज्यादा विस्तार देने की जरूरत को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। हालांकि, UIDAI का मानना है कि नई फीस अभी भी अन्य सरकारी सेवाओं की तुलना में काफी किफायती है।