पंजाब के जालंधर में नए साल के दिन शिवसेना नेता की बेटी अपना जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रही थी लेकिन उसका जन्मदिन दुखद हादसे में बदल गया। इस हादसे में उसकी जान चली गई और उसके परिवार को उसके जन्मदिन पर ही उसका अंतिम संस्कार भी करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जन्मदिन की पार्टी देने से पहले शिवसेना नेता की बेटी अपने बाथरुम में नहाने गई थी। इस दौरान गीजर की गैस लीक हो गई और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने लोगों के मन में गीजर को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिवार वालों को पहले तो लगा कि उनकी बेटी नहा रही है लेकिन जब काफी समय के बाद भी लड़की बाहर नहीं निकली तो परिवार वालों को चिंता होने लगी। करीब आधे घंटे बाद परिवार वालों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद परिवारवालों ने रोशनदान से देखा तो लड़की बाथरुम में बेहोश पड़ी थी। उन्होंने तुरंत दरवाजा तोड़ा और लड़की को अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने बताया कि गीजर की गैस लीक होने के कारण लड़की की जान चली गई।
इलेक्ट्रिक गीजर ज्यादा सुरक्षित है या गैस गीजर?
इस घटना के सामने आने के बाद एक बार फिर लोगों के मन में सवाल उठने लगा है कि इलेक्ट्रिक गीजर ज्यादा सुरक्षित है या गैस गीजर? जब भी घर में गीजर लगवाना होता है तो हर किसी के सामने यह प्रश्न आता है, जिसका सही-सही जवाब मिलना मुश्किल है। गीजर लगवाने से पहले दोनों के फायदे और नुकसान जान लीजिए और उसके बाद ही फैसला करें कि कौन सा गीजर आपके लिए सही रहेगा।
गैस गीजर
गैस गीजर एलपीजी या पीएनजी गैस से चलते हैं। गैस गीजर को लगवाने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें कम समय में ज्यादा पानी गर्म हो जाता है लेकिन इसमें बहुत बड़ा जोखिम भी है। गैस गीजर में गैस लीकेज और कार्बन मोनोऑक्साइड गैस का खतरा बना रहता है, जो कई बार जानलेवा भी हो जाता है। आमतौर पर खराब वेंटिलेशन के कारण गैसे गीजर से दुर्घटनाएं होती हैं।
- गैस पाइप या कनेक्शन में लीकेज
- बंद बाथरूम में जहरीली गैस का जमाव
- समय पर सर्विस न होने पर जानलेवा हादसे
- वेंटिलेशन की कमी से दम घुटने का खतरा
खर्चिला लेकिन सुरक्षित विकल्प
इलेक्ट्रिक गीजर बिजली से चलते हैं और इनमें गैस का इस्तेमाल नहीं होता। यही कारण है कि इस गीजर में गैस लीकेज का खतरा पूरी तरह खत्म हो जाता है। हालांकि, सही अर्थिंग और अच्छी वायरिंग ना हो तो करंट का खतरा हो सकता है लेकिन यह जोखिम गैस गीजर की तुलना में कम माना जाता है।
- गैस लीकेज का कोई जोखिम नहीं
- आधुनिक मॉडल में ऑटो कट, थर्मोस्टेट और सेफ्टी वाल्व
- बंद बाथरूम में भी गैस गीजर की तुलना में सुरक्षित
- कम मेंटेनेंस की जरूरत
अगर केवल गैस लीकेज और जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखा जाए, तो इलेक्ट्रिक गीजर गैस गीजर से ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं। खासकर अपार्टमेंट, फ्लैट और छोटे घरों में जहां वेंटिलेशन सही तरीके से नहीं किया गया हो। हालांकि, सही तरीके से गैस गीजर का इस्तेमाल फायदेमंद भी हो सकता है। बाथरूम में पर्याप्त वेंटिलेशन और समय-समय पर सर्विस और गैस पाइप की जांच करवाकर गैस गीजर से होने वाले नुकसान से बचा जा सकता है।