एक सट्टेबाज ने 32,000 डॉलर दांव पर लगाकर 4,36,000 डॉलर यानी करीब 4 करोड़ रुपये कुछ ही समय में कमा लिए। अब आपके मन में सवाल होगा कि ऐसा कैसे हुआ। ऐसा संभव हुआ है वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद। अमेरिका ने 3 जनवरी को वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को गिरफ्तार कर लिया था। इस गिरफ्तारी से पहले एक सट्टेबाज ने ऑनलाइन मार्केट में मादुरो की गिरफ्तारी की भविष्यवाणी कर दी थी। इस भविष्यवाणी से उस व्यापारी ने कुछ ही समय में करोड़ों की कमाई कर ली और हर किसी को हैरान कर दिया। लोग इस बात की आशंका जता रहे हैं कि जिस व्यक्ति ने यह दांव लगाया था उसे हमले की जानकारी थी।
दरअसल क्रिप्टोकरेंसी आधारित एक प्रेडिक्शन प्लेटफॉर्म पॉलीमार्केट पर एक अज्ञात यूजर ने मादुरो को सत्ता से हटाए जाने पर लगभग 32,000 डॉलर का दांव लगाया था। यह दांव वेनेजुएला पर अमेरिका की कार्रवाई से ठीक पहले का बताया जा रहा है। इस दांव के कुछ ही समय बाद अमेरिका के वेनेजुएला पर हमला कर राष्ट्रपति मादुरो को गिरफ्तार कर लिया था। अब लोगों के मन में सवाल है कि इस व्यक्ति को मादुरो पर अमेरिकी कार्रवाई की यह जानकारी कैसे मिली।
यह भी पढ़ें: 'मैं एक शरीफ आदमी हूं', कोर्ट में पेश हुए निकोलस मादुरो तो क्या-क्या हुआ?
मादुरो पर लगाया दांव
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, एक सट्टेबाज का अकाउंट दिसंबर में एक्टिव होता है। उसने 32,537 डॉलर का दांव लगाया कि 31 जनवरी 2026 तक सत्ता से बेदखल हो जाएंगे। यह सट्टा शनिवार 3 दिसंबर की सुबह ट्रंप के ट्रुथ सोशल पर मादुरो की गिरफ्तारी की घोषणा करने से ठीक पहले लगाया गया था। उनकी भविष्यवाणी सच हुई और अमेरिका ने मादुरो को सत्ता से बेदखल कर दिया। इस एक दांव से उस सट्टेबाज ने कुछ ही समय में 4,36,000 डॉलर यानी करीब 4 करोड़ भारतीय रुपये कमा लिए।
अब इस सट्टेबाज की जांच शुरू हो गई है। जांच में इस बात का पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या उस सट्टेबाज को अमेरिका के सीक्रेट मिशन के बारे में पहले से ही जानकारी थी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वेनेजुएला से जुड़े कई मुद्दों पर उस सट्टेबाज ने सट्टा लगाया था।
भविष्यवाणी सच होने पर हुआ शक
सीबीएस न्यूज पर एक डिबेट में एक्सपर्ट्स ने बताया कि इतना सटीक अंदाजा तभी लगाया जा सकता है जब किसी के पास कोई अंदरूनी जानकारी हो। एक एक्सपर्ट ने कहा, 'इससे साफ पता चलता है कि सट्टेबाज के पास अंदरूनी जानकारी थी।' एक अन्य एक्सपर्ट ने कहा कि इस सट्टे में अंदरूनी जानकारी होने के सारे लक्ष्ण मौजूद हैं। इतनी बड़ी रकम उस घटना से ठीक पहले सट्टे में लगाना कोई आम घटना नहीं हो सकती।
यह भी पढ़ें: तेल मिल नहीं रहा, अब बिजली भी कटने लगी; क्यूबा में शुरू हो गया ट्रंप का खेल?
वेनेजुएला से जुड़े कई दांव लगाए
जिस पॉलीमार्केट अकाउंट से यह सट्टा लगाया गया है उसी अकाउंट से अमेरिका की कार्रवाई से जुड़े तीन अन्य दांव भी लगाए गए। 1,00 डॉलर का दांव इस बात पर लगाया गया था कि अमेरिका 31 जनवरी तक वेनेजुएला पर अटैक करेगा। एक 250 डॉलर का दांव कि ट्रंप 31 जनवरी तक वेनेजुएला के खिलाफ शक्ति का इस्तेमाल करेंगे इस बात पर लगाया गया था। इसी अकाउंट से एक भविष्यवाणी यह भी की गई थी कि अमेरिकी सेना महीने के अंत से पहले वेनेजुएला में उतरेगी।
हालांकि, एक एक्सपर्ट का कहना है कि यह अकाउंट नया था, जिससे केवल वेनेजुएला के राष्ट्रपति को संभावित रूप से पद से हटाए जाने से मुद्दों पर दांव लगाया जा रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी कोई जानकारी नहीं है जिससे यह पता लगे कि उस अकाउंट होल्डर के पास हमले से जुड़ी कोई जानकारी थी।