दिवाली की सफाई में अक्सर घर से पुराना सामान निकलता है लेकिन हरियाणा के फरीदाबाद में एक परिवार की अनमोल चीज भी कबाड़ के साथ चली गई। करीब 100 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई, गलती से कबाड़ी को बेच दिया गया था। दो महीने की बेचैनी और इंतजार के बाद यह सोना ईमानदारी के साथ उसके मालिक को वापस मिल गया। कबाड़ खरीदने वाले शख्स ने खुद ही घर आकर यह सोना लौटा दिया।
यह मामला फरीदाबाद निवासी अशोक शर्मा से जुड़ा है। दिवाली के आसपास उन्होंने घर की सफाई के दौरान पुराना सामान कबाड़ी को दे दिया। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि कुछ सोने के आभूषण भी उसी कबाड़ में चले गए हैं। घबराए अशोक शर्मा तुरंत कबाड़ कारोबारी ख़ान साहब के पास पहुंचे। दोनों ने मिलकर काफी तलाश की लेकिन उस समय सोना नहीं मिला। समय बीतता गया, लेकिन उम्मीद पूरी तरह खत्म नहीं हुई। करीब दो महीने बाद जब ख़ान साहब अपने गोदाम में कबाड़ की छंटाई कर रहे थे, तब उन्हें सोने के गहने मिले। जांच करने पर पता चला कि यह वही सामान है, जिसकी तलाश अशोक शर्मा कर रहे थे।
ईमानदारी की मिसाल बने खान साहब
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई और सोना उसके असली मालिक को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि बरामद सोने का वजन करीब 100 ग्राम था और उसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। अशोक शर्मा ने ख़ान साहब का आभार जताते हुए कहा कि आज के समय में इतनी बड़ी रकम का सामान लौटाना बड़ी बात है। वहीं ख़ान साहब का कहना है कि किसी की मेहनत की कमाई रखना उनके उसूलों के खिलाफ है।
यह भी पढ़ें: बनारस में 60 रुपये के लिए भिड़ गए 'महादेव' बने दो बच्चे, जमकर चले घूंसे-लात
उन्होंने कहा कि उन्हें जो मिला, वह उनके लिए अमानत था और अमानत को उसके असली हकदार तक पहुंचाना ही सही था। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर भी इस घटना की चर्चा हो रही है। लोग इसे ईमानदारी की मिसाल बता रहे हैं। यह घटना दिखाती है कि भरोसा और इंसानियत आज भी जिंदा है, बस उसे निभाने वाले लोग चाहिए।